Bihar Diwas : कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने गाँधी मैदान में कृषि पवेलियन का किया उद्घाटन, कतरनी चावल और मर्चा चूड़ा बना आकर्षण का केंद्र

Bihar Diwas : गाँधी मैदान में कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने कृषि पवेलियन का उद्घाटन किया. जहाँ कतरनी चावल और मर्चा चूड़ा आकर्षण का केंद्र बना है.........पढ़िए आगे

कृषि पवेलियन का उद्घाटन - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव द्वारा पटना के गाँधी मैदान में बिहार दिवस के अवसर पर आयोजित राजकीय समारोह में कृषि पवेलियन का उद्घाटन किया गया। कृषि मंत्री ने कहा कि गाँधी मैदान, पटना में बिहार दिवस का आयोजन इस वर्ष दिनांक 22-24 मार्च, 2026 तक ‘‘उन्नत बिहार उज्ज्वल बिहार’’ थीम पर किया जा रहा है। बिहार दिवस के अवसर पर कृषि विभाग के पवेलियन में बिहार के विशिष्ट उत्पादों के साथ-साथ पारम्परिक एवं प्रसंस्कृत उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की जा रही है। कृषि शिक्षा से उन्नत बिहार उज्ज्वल बिहार के माध्यम से बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर एवं डॉ॰ राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा, समस्तीपुर के सभी महाविद्यालयों एवं उनकी उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जा रहा है। 

उन्होंने बताया कि प्रदेशवासियों को कृषि प्रदर्शनी में छोटे कृषि यंत्रों, पौधा संरक्षण उपकरणों, जी॰आई॰टैग भागलपुरी कतरनी चावल, चुड़ा और मर्चा चुड़ा के साथ-साथ शाहाबाद क्षेत्र का सोनाचुर चावल, चुड़ा, जूट का हैण्डीक्राफ्ट, मोटे एवं पोषक अनाज के उत्पाद, गुड़ का भूरा, जाता सत्तू और सोनामोती गेहूँ की प्रदर्शनी और बिक्री की जा रही है। किसानों एवं आम जन के लिए कृषि ज्ञान वाहन के माध्यम से विभिन्न फसलों की तकनीकी जानकारी और चलन्त मिट्टी जाँच प्रयोगशाला के माध्यम से मिट्टी जाँच की सुविधा उपलब्ध है। 

उन्होंने कहा कि उक्त सभी महत्त्वपूर्ण कार्यक्रमों से संबंधित किसानों तथा आम जन को कृषि विभाग द्वारा किये जा रहे कार्यों की जानकारी तथा प्रचार-प्रसार प्रदर्शनी के माध्यम से दी जा रही है। कृषि विभाग द्वारा इस अवसर पर गाँधी मैदान में 30 हजार वर्गफीट क्षेत्रफल में कृषि पवेलियन का निर्माण किया गया है। प्रदर्शनी में कृषि के क्षेत्र में हो रही नवीनतम तकनीकों की जानकारी बिहार के किसान भाइयों एवं बहनों तथा आम जन को उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि कृषि विकास के लिए माननीय मुख्यमंत्री जी की परिकल्पना कृषि रोड मैप के क्रियान्वयन से खाद्यान्न एवं बागवानी फसलों के उत्पादन एवं उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि को प्रदर्शित किया गया है। 

उन्होंने कहा कि ‘‘जलवायु अनुकूल कृषि कार्यक्रम’’ से संबंधित बिहार के कृषि संस्थान बोरलॉग इंस्टिच्युट फॉर साऊथ एशिया, डॉ॰ राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा, समस्तीपुर एवं बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर, भागलपुर द्वारा विभिन्न फसलों की समय पर बुआई, जलवायु के अनुकूल फसल चक्र का चयन, मिट्टी एवं जलवायु के अनुकूल परिस्थितियों के अनुरूप संभावित फसल विविधीकरण, जल, पोषक तत्त्व एवं खरपतवार आदि का समुचित प्रबंधन, कृषि यंत्रों यथा हैप्पी सीडर, सुपर सीडर, स्ट्रॉ बेलर के माध्यम से फसल के अवशेषों का प्रबंधन आदि क्रियाओं के बारे में किसानों को जागरूक किया जा रहा है। 

राम कृपाल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में उद्यान निदेशालय द्वारा सूक्ष्म सिंचाई योजना कार्यान्वित की जा रही है, जिसके अंतर्गत किसानों को इस पर 90 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इस सिंचाई पद्धति से किसानों को कम उत्पादन लागत से अधिक आय प्राप्त होगी। इसके साथ-साथ छत पर बागवानी योजना का जीवंत प्रदर्शन भी किया जा रहा है तथा मखाना, मशरूम, अचार, सब्जी बीज उत्पादन, औषधिय पौधों की खेती, स्ट्रॉबेरी, ड्रैगन फ्रुट, ऐपल बेर आदि के उत्पाद एवं नर्सरी का प्रदर्शन किया जा रहा है। भूमि संरक्षण निदेशालय द्वारा जलछाजन विकास कार्यक्रम के अंतर्गत जल संचयन संरचनाओं तथा शुष्क बागवानी की महत्ता को जीवंत प्रदर्शित किया जा रहा है। पौधा संरक्षण संभाग द्वारा कृषि ड्रोन एवं स्प्रेयर उपकरणों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी में कृषि ज्ञान वाहन के माध्यम से कृषि मे चलाये जा रहे विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।

वंदना की रिपोर्ट