'नॉन सीरियस पॉलिटिकल व्यक्ति' है तेजस्वी यादव, पूर्व पीएम अटल बिहारी को श्रद्धांजलि दे रामकृपाल ने दी बड़ी नसीहत

तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी को लेकर सत्ता पक्ष पहले भी सवाल उठाता रहा है। रामकृपाल यादव ने कहा, “वह नॉन सीरियस पॉलिटिकल व्यक्ति हैं। आज तक बिहार को ऐसा नेता प्रतिपक्ष कभी नहीं मिला।

रामकृपाल यादव- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार के मंत्री रामकृपाल यादव ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह में तेजस्वी यादव के शामिल नहीं होने को लेकर उन्होंने उन्हें “नॉन सीरियस पॉलिटिकल व्यक्ति” करार दिया। रामकृपाल यादव ने कहा कि बिहार को ऐसा नेता प्रतिपक्ष पहले कभी नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव को बिहार से कोई लगाव नहीं है। रामकृपाल यादव ने कहा, “वह नॉन सीरियस पॉलिटिकल व्यक्ति हैं। आज तक बिहार को ऐसा नेता प्रतिपक्ष कभी नहीं मिला। मैं लगातार कहता हूं कि उस व्यक्ति को बिहार से कोई लगाव नहीं है।”


तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी को लेकर सत्ता पक्ष पहले भी सवाल उठाता रहा है। जुलाई में हुए बिहार विधानसभा के पांच दिवसीय मानसून सत्र में भी नेता प्रतिपक्ष पूरे सत्र के दौरान सदन में उपस्थित नहीं हुए थे। इस दौरान उनकी गैरमौजूदगी विधानसभा में राजनीतिक मुद्दा बन गई थी। उस समय तेजस्वी यादव के विदेश में होने की खबरें भी सामने आई थीं। कुछ रिपोर्टों में उनके यूरोप दौरे पर होने का दावा किया गया था, जबकि आरजेडी की ओर से इस पर कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा गया था।


पप्पू यादव की भूख हड़ताल पर भी तंज

परीक्षा व्यवस्था और छात्रों के मुद्दे को लेकर कुछ छात्र संगठनों के आंदोलन तथा पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के आज भूख हड़ताल पर बैठने के सवाल पर भी रामकृपाल यादव ने निशाना साधा। उन्होंने कहा, “छोड़िए पप्पू यादव को, कौन नोटिस लेता है। पप्पू यादव ऐसे ही हड़ताल करते रहते हैं।” उन्होंने कहा कि छात्रों को समझना चाहिए कि सरकार उनकी मांगों को लेकर गंभीर है और परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए जल्द ठोस फैसला लिया जा रहा है।


परीक्षा व्यवस्था में सुधार पर कमेटी का स्वागत

बिहार में शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा हाईकोर्ट के जज की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने की घोषणा का रामकृपाल यादव ने स्वागत किया। उन्होंने इसे अभूतपूर्व कदम बताते हुए कहा कि इससे राज्य की शिक्षा व्यवस्था के साथ-साथ परीक्षा प्रणाली में भी सुधार होगा।


मंत्री ने कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है और परीक्षा में पारदर्शिता, व्यवस्था में सुधार तथा गड़बड़ियों पर रोक लगाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उनका कहना था कि छात्रों को आंदोलन के बजाय सरकार की ओर से उठाए जा रहे सुधारात्मक कदमों को भी देखना चाहिए।


अटल बिहारी वाजपेयी को दी श्रद्धांजलि

इस दौरान रामकृपाल यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के साथ एक युग का अंत जरूर हुआ, लेकिन उनके विचार और आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि वे लोग अटल बिहारी वाजपेयी के दिखाए रास्ते पर चल रहे हैं और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

अभिजीत की रिपोर्ट