सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए राहत भरी खबर: पीएम राहत योजना के तहत मिल रहा 1.50 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार

पीएम राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना के शिकार लोगों के इलाज के लिए 1.50 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। पटना डीएम ने संबंधित अस्पतालों और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे इस योजना के तहत बिना किसी परेशानी के पीड़ित.....

सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए राहत भरी खबर- फोटो : अनिल कुमार

Patna : सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले व्यक्तियों को तुरंत चिकित्सा सहायता प्रदान करने और उन्हें इलाज के आर्थिक बोझ से मुक्त रखने के उद्देश्य से पीएम राहत योजना को प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल होने वाले प्रत्येक पात्र पीड़ित को आयुष्मान भारत से निबंधित अस्पतालों में 1.50 लाख तक का कैशलेस (निःशुल्क) उपचार दिया जा रहा है। सरकार द्वारा दुर्घटना की तिथि से लेकर अगले 7 दिनों तक के उपचार का पूरा खर्च वहन किया जाता है।


जिलाधिकारी के कड़े निर्देश और प्रचार-प्रसार पर जोर

पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने संबंधित अस्पतालों और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को इस योजना के तहत बिना किसी परेशानी के सुगमता से इलाज मुहैया कराएं। साथ ही, उन्होंने यह भी निर्देश दिया है कि इस कल्याणकारी योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचे और समय पर जरूरतमंदों को इसका लाभ मिल सके।


क्या है योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया?

जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को 24 घंटे के भीतर अस्पताल में भर्ती कराए जाने पर ही इस योजना के तहत उपचार की सुविधा मिलती है। इसके बाद अस्पताल द्वारा मरीज का विवरण ऑनलाइन ट्रांजेक्शन मैनेजमेंट सिस्टम में दर्ज किया जाता है। तत्पश्चात, पुलिस सत्यापन और आवश्यक अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित को योजना का पूरा लाभ उपलब्ध कराया जाता है।


गोल्डन ऑवर का महत्व और जान बचाने की पहल

सड़क दुर्घटना के बाद का गोल्डन ऑवर (शुरुआती समय) बेहद कीमती और महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान यदि मरीज को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा मिल जाए, तो गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। पीएम राहत योजना का मुख्य उद्देश्य इसी नाज़ुक और महत्वपूर्ण अवधि के भीतर पीड़ित को बिना किसी बाधा के इलाज उपलब्ध कराना है।


आम जनता से विशेष अपील

प्रशासन की ओर से आम नागरिकों से यह अपील की गई है कि यदि कहीं भी सड़क दुर्घटना हो, तो बिना किसी विलंब के घायल व्यक्ति को तुरंत नजदीकी आयुष्मान से निबंधित नामित अस्पताल पहुंचाएं। समय पर अस्पताल पहुंचाने से न केवल बहुमूल्य जीवन बचाने में मदद मिलती है, बल्कि पीड़ित को इस योजना के तहत निःशुल्क और कैशलेस उपचार का पूरा लाभ भी प्राप्त होता है।

अनिल की रिपोर्ट