पप्पू यादव को आज मिलेगी राहत या बढ़ेगी आफत? फैसला दोपहर दो बजे के बाद, जमानत पर सुनवाई के लिए MP/MLA कोर्ट पहुंचे पूर्णिया सांसद

Pappu Yadav Bail Plea: पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव उर्फ राजेश रंजन की जमानत याचिका पर पटना की विशेष MP/MLA कोर्ट आज सुनवाई करेगी।...

पप्पू यादव को आज मिलेगी राहत या बढ़ेगी आफत? - फोटो : reporter

Pappu Yadav Bail Plea: बिहार की सियासत और अपराध की गलियों में आज एक बार फिर हलचल तेज है। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव उर्फ राजेश रंजन की जमानत याचिका पर पटना की विशेष MP/MLA कोर्ट आज सुनवाई करेगी। 31 साल पुराने धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार पप्पू यादव को बेऊर जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत लाया गया है। दोपहर दो बजे से होने वाली सुनवाई पर समर्थकों से लेकर विरोधियों तक, हर किसी की निगाह टिकी हुई है।

कोर्ट परिसर के बाहर सुबह से ही पप्पू यादव के समर्थकों का जमावड़ा लगा हुआ है। फुसफुसाहट और बेचैनी के बीच माहौल पूरी तरह गर्म है। वहीं कोर्ट रूम के बाहर बैठे सांसद पप्पू यादव बेहद भावुक नजर आए। चेहरे पर थकान और आंखों में चिंता साफ झलक रही थी। सियासी दबंगई के लिए पहचाने जाने वाले पप्पू यादव आज कानून के सामने खुद को बेबस महसूस करते दिखे।

दरअसल, सोमवार को उनकी पेशी होनी थी, लेकिन पटना सिविल कोर्ट को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, लेकिन न्यायिक कामकाज ठप हो गया और पप्पू यादव की पेशी टल गई। इसी बीच उन्हें पीएमसीएच से बेऊर जेल शिफ्ट कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह फिट घोषित किया।

अब मंगलवार को दोपहर दो बजे से सुनवाई होनी है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए कोर्ट परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। हर आने-जाने वाले पर पैनी नजर रखी जा रही है।

बता दें कि पप्पू यादव को 1995 के एक मामले में 6 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। पटना के गर्दनीबाग थाना में दर्ज इस केस में उन पर धोखाधड़ी, जालसाजी, मकान किराए पर लेकर कब्जा करने, आपराधिक धमकी और साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप हैं। शिकायतकर्ता विनोद बिहारी लाल का आरोप है कि पप्पू यादव और उनके सहयोगियों ने धोखे से उनका मकान किराए पर लिया और फिर उस पर कब्जा जमा लिया।

इस मामले में अदालत पहले ही गिरफ्तारी वारंट और इश्तेहार जारी कर चुकी थी, लेकिन तब आरोपियों की ओर से कोई जवाब नहीं आया। अब सवाल यह है कि आज कोर्ट से पप्पू यादव को राहत मिलेगी या यह मामला उन्हें और गहरे कानूनी भंवर में धकेल देगा। फैसला कुछ ही घंटों में सामने होगा।

रिपोर्ट- अनिल कुमार