Bihar News : बाढ़ से राहत ही नहीं, स्थायी समाधान चाहिए; नदी प्रबंधन और जल-जोड़ की योजनाओं को मिले गति : डॉ. संतोष कुमार सुमन
Bihar News : मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा है कि बिहार में बाढ़ प्रबंधन के लिए त्वरित राहत और बचाव के साथ-साथ दीर्घकालीन समाधान की दिशा में काम को और अधिक गति देने की सख्त आवश्यकता है।
PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि बिहार में बाढ़ प्रबंधन के लिए राहत और बचाव के साथ-साथ दीर्घकालीन समाधान की दिशा में काम को और गति देने की जरूरत है। श्री बाबू के दौर की दामोदर घाटी परियोजना ने दिखाया कि बड़ी जल समस्याओं का समाधान दूरदृष्टि और समेकित योजना से संभव है।
मंत्री ने कहा की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने नदियों को जोड़ने की जो परिकल्पना रखी थी, उसे भी बिहार की परिस्थितियों के अनुरूप आगे बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि बाढ़ के समय अतिरिक्त जल के बेहतर प्रबंधन के साथ सिंचाई और जल उपलब्धता को भी बढ़ाया जा सके।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक नदी प्रबंधन के माध्यम से प्रमुख नदियों एवं तटबंधों का नियमित सर्वेक्षण, संवेदनशील स्थलों का सुदृढ़ीकरण, जलनिकासी, जलस्तर की निगरानी और पूर्व चेतावनी प्रणाली को मजबूत किया जाना चाहिए। बाढ़ प्रबंधन की दीर्घकालीन कार्ययोजना में तटबंध सुदृढ़ीकरण, नदी प्रशिक्षण, सुरक्षित स्थलों का विकास, आपदा तैयारी, तकनीकी ऑडिट और परियोजनाओं की समयबद्ध निगरानी को एकीकृत रूप से आगे बढ़ाया जाए। नेपाल से आने वाली नदियों के संदर्भ में केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय भी जरूरी है।
डॉ. सुमन ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार सरकार की प्राथमिकता स्पष्ट है—“राहत के साथ तैयारी और तैयारी के साथ स्थायी समाधान।” बाढ़ से बचाव के साथ जल का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में नदी प्रबंधन, जल संरक्षण, सिंचाई विस्तार और उपयोगी नदी-जोड़ परियोजनाओं पर गंभीरता से काम किया जाना चाहिए। हमारा लक्ष्य ऐसा बिहार बनाना है, जहां बाढ़ की चुनौती के बावजूद लोगों की सुरक्षा, विश्वास और विकास की गति लगातार मजबूत होती रहे।