'मुस्लिम-यादवों का चुन-चुनकर हो रहा एनकाउंटर', मनेर मुठभेड़ पर खूब भड़के भाई वीरेंद्र, नीतीश के साथ भी खेला

भाई वीरेंद्र ने कहा, "मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि मुस्लिम और यादवों को एनकाउंटर में टारगेट किया जा रहा है।"

Maner Encounter- फोटो : news4nation

बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और लगातार हो रहे एनकाउंटर को लेकर सियासत तेज हो गई है। पटना के मनेर में तीन अपराधियों के एनकाउंटर के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने इस कार्रवाई को जातीय और धार्मिक समीकरण से जोड़ते हुए सवाल उठाए हैं। राजद के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने शनिवार को आरोप लगाया है कि राज्य में मुस्लिम और यादव समुदाय के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के नाम पर जिस तरीके से एनकाउंटर हो रहे हैं, उसे गंभीरता से देखने की जरूरत है।


भाई वीरेंद्र ने कहा कि अगर एनकाउंटर हो रहे हैं तो यह गलत है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में आरोप लगाया कि मुस्लिम और यादव समुदाय के लोगों को टारगेट किया जा रहा है और उन्हें मारा जा रहा है। उन्होंने कहा, "मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि मुस्लिम और यादवों को एनकाउंटर में टारगेट किया जा रहा है।"


राजद विधायक ने आगे कहा कि अगर किसी व्यक्ति पर मामला दर्ज है तो उसे कानून के तहत न्यायिक प्रक्रिया से गुजरने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों को जबरदस्ती मामलों में फंसाकर जेल भेजा जा रहा है और उनकी जमानत भी नहीं होने दी जा रही है। भाई वीरेंद्र ने कहा कि इस तरह संस्थान और सिस्टम नहीं चलता है। सरकार को पूरे मामले को गंभीरता से देखना चाहिए।


शिक्षकों के वेतन को लेकर सरकार पर सवाल

दीपावली के मौके पर लाखों शिक्षकों को वेतन नहीं मिलने के सवाल पर भी भाई वीरेंद्र ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को समय पर वेतन मिलना ही चाहिए। सवाल यह है कि क्या सरकार के पास पैसा नहीं है? अगर कोई प्रशासनिक या वित्तीय मामला है तो उसकी जिम्मेदारी शिक्षकों और कर्मचारियों की क्यों होनी चाहिए?


उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि शिक्षकों का वेतन कब तक जारी होगा। जिनके घरों में दीपावली और छठ जैसे बड़े पर्व हैं, उनके परिवारों की जरूरतों को भी सरकार को समझना चाहिए। भाई वीरेंद्र ने कहा कि पहले पर्व-त्योहार से पहले ही कर्मचारियों को वेतन मिल जाता था, लेकिन अब शिक्षकों को अपने ही पैसे के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।


NDA की खींचतान पर तंज 

एनडीए में अंदरूनी खींचतान, जेडीयू में संगठनात्मक गतिविधियों और कमेटी बनाए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर भाई वीरेंद्र ने सियासी अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अभी थोड़ा इंतजार कीजिए। नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने भी सब कुछ देख लिया है कि चुनाव के दौरान किसने उनके साथ क्या खेल किया।


भाई वीरेंद्र ने संकेतों में कहा कि बिहार की राजनीति में फिर खेला हो सकता है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार दो बार देख चुके हैं कि किन लोगों ने उनके साथ गड़बड़ी और भीतरघात किया है। अब वह भी देख रहे हैं कि चुनाव के दौरान किसने क्या भूमिका निभाई। 

नरोत्तम की रिपोर्ट