Bihar News: दीपावली से पहले दो घरों का बुझ गया चिराग, घर लौट रहे यात्रियों की बस हादसे का शिकार,2 की मौत, 11 घायल

Bihar News: दिवाली और छठ महापर्व पर अपने घर लौट रहे बिहार के यात्रियों की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब दिल्ली से मुजफ्फरपुर आ रही एक एसी स्लीपर बस उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। ...

Bihar News:  दीपावली से पहले दो घरों का बुझ गया चिराग,  घर ल
दीपावली से पहले दो घरों का बुझ गया चिराग- फोटो : social Media

Bihar News: दिवाली और छठ महापर्व पर अपने घर लौट रहे बिहार के यात्रियों की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब दिल्ली से मुजफ्फरपुर आ रही एक एसी स्लीपर बस उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। शनिवार तड़के करीब 4:30 बजे बस की आगे चल रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन साल की मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री जख्मी हो गए। घायलों में एक बच्ची समेत चार लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

ओवरटेक करने के दौरान ट्रक से टकराई बस

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे की वजह ओवरटेक करने की कोशिश बताई जा रही है। बस चालक आगे चल रहे ट्रक को पार करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बस के बाएं हिस्से की ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, टक्कर के प्रभाव से बस के आगे बैठे कुछ यात्री टूटे हुए शीशे से बाहर सड़क पर जा गिरे। अचानक हुए इस हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री अपनी सीटों से नीचे गिर पड़े और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

तमकुहीराज के लबनिया गांव के पास हुआ हादसा

यह दुर्घटना कुशीनगर जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर तमकुहीराज थाना क्षेत्र के लबनिया गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि बस में सवार कुछ यात्रियों को तमकुहीराज में उतरना था। इसी वजह से कुछ लोग अपना सामान लेकर बस के दरवाजे के पास खड़े थे।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने तीन साल की बच्ची और एक युवक को मृत घोषित कर दिया।

तीन साल की नंदिनी की मौत, पिता भी घायल

पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाली मासूम की पहचान कुशीनगर जिले के तरयासुजान थाना क्षेत्र के तरयालच्छीराम गांव निवासी नंदिनी (3) पुत्री पवन के रूप में हुई है। इस दुर्घटना में उसके पिता पवन भी घायल हो गए हैं।दूसरे मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। उसकी उम्र करीब 40 साल बताई जा रही है। पुलिस उसकी शिनाख्त करने में जुटी है। हादसे में घायल 11 लोगों का इलाज कराया जा रहा है। इनमें चार की स्थिति गंभीर बताई गई है।

दिल्ली से शुक्रवार दोपहर चली थी बस

जानकारी के अनुसार, शिवा ट्रैवेल्स की एसी स्लीपर बस शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे दिल्ली के आनंद विहार से मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में 60 से अधिक यात्री सवार थे। इनमें ज्यादातर लोग दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में काम करते थे और दिवाली तथा छठ पूजा मनाने के लिए बिहार स्थित अपने घर लौट रहे थे।बस में सवार मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र के कमलपुरा गांव निवासी धर्मेंद्र ने हादसे का मंजर बयां किया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के वक्त अधिकतर यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक सुबह करीब 4:30 बजे बस में जोरदार झटका लगा। देखते ही देखते कई यात्री सीटों से नीचे गिर गए और बस में चीख-पुकार शुरू हो गई।जब वे बाहर निकले तो देखा कि बस के बाएं हिस्से में जोरदार टक्कर लगी थी। हादसे में एक बच्ची और युवक की जान जा चुकी थी।

त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं

रोजी-रोटी के लिए दिल्ली में रहने वाले बिहार के ये लोग दिवाली और छठ महापर्व पर अपने परिवार के बीच लौट रहे थे। किसी को घर पहुंचकर पूजा की तैयारी करनी थी तो किसी को अपनों के साथ त्योहार मनाने की उम्मीद थी। लेकिन कुशीनगर में हुए इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं।फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है। हादसे में मृत दूसरे व्यक्ति की पहचान और घायलों की स्थिति को लेकर भी आगे की जानकारी का इंतजार है।