Lalu Yadav In Singapore: ‘भगवान मेरे घर आए हैं’, पिता लालू यादव को देखकर भावुक हुईं रोहिणी, सिंगापुर से सामने आई खास तस्वीरें

Lalu Yadav In Singapore: राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए सिंगापुर पहुंचे। बेटी रोहिणी आचार्या ने एयरपोर्ट पर भावुक होकर स्वागत किया और वीडियो साझा किया।

सिंगापुर में लालू यादव की एंट्री- फोटो : social media

Lalu Yadav In Singapore: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए सिंगापुर पहुंच गए हैं। सिंगापुर एयरपोर्ट पर उनकी बेटी रोहिणी आचार्या ने उनका स्वागत किया। लंबे समय बाद पिता से मुलाकात होने पर रोहिणी भावुक हो गईं और उन्होंने लालू यादव को गले लगा लिया। इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। लालू यादव अपने साथ भारत से आम, लीची, लड्डू और अन्य घरेलू सामान भी लेकर सिंगापुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर परिवार के बीच भावुक माहौल देखने को मिला।

पिता के सिंगापुर पहुंचने के बाद रोहिणी आचार्या ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा किया। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि आज उनके घर भगवान आए हैं। उन्होंने अपने पिता के प्रति सम्मान और प्रेम व्यक्त करते हुए लिखा कि उनकी छोटी सी दुनिया में उनके चारों धाम आ गए हैं और वह उनके चरणों की धूल को भी आशीर्वाद मानती हैं। गौरतलब है कि वर्ष 2022 में लालू प्रसाद यादव का सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। उनकी बेटी रोहिणी आचार्या ने उन्हें अपनी एक किडनी दान की थी। सफल ट्रांसप्लांट के बाद से लालू यादव समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के लिए सिंगापुर जाते रहे हैं। इस बार भी वह नियमित मेडिकल जांच के लिए पहुंचे हैं और फिलहाल रोहिणी आचार्या के घर पर ठहरे हुए हैं।

 लालू परिवार के भीतर मतभेद की खबरें 

रोहिणी आचार्या सिर्फ परिवार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभा चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2024 का लोकसभा चुनाव बिहार की सारण सीट से लड़ा था। इसके अलावा बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने राजद के समर्थन में कई चुनावी सभाएं और प्रचार कार्यक्रम किए थे। हालांकि पिछले विधानसभा चुनाव के बाद लालू परिवार के भीतर मतभेद की खबरें भी सामने आई थीं। रोहिणी आचार्या ने आरोप लगाया था कि तेजस्वी यादव के कुछ करीबी लोगों ने राबड़ी आवास में उनके साथ अभद्र व्यवहार किया था। उन्होंने यह भी कहा था कि चुनावी हार का जिम्मेदार उन्हें ठहराया गया और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार नहीं किया गया।

 तेजस्वी यादव के बेटे इराज के जन्मदिन समारोह

इन विवादों के बाद रोहिणी आचार्या अपने मायके नहीं आई हैं। हाल ही में गाजियाबाद में आयोजित तेजस्वी यादव के बेटे इराज के जन्मदिन समारोह में भी लालू परिवार के लगभग सभी सदस्य मौजूद थे, लेकिन रोहिणी इसमें शामिल नहीं हुईं।हाल के दिनों में यह भी चर्चा थी कि राजद उन्हें विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव में उम्मीदवार बना सकती है। हालांकि रोहिणी आचार्या ने इन खबरों को पूरी तरह अफवाह बताया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्हें किसी पद या राजनीतिक लाभ की इच्छा नहीं है। फिलहाल राजद ने विधान परिषद चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। वहीं, लालू यादव के सिंगापुर दौरे को पूरी तरह स्वास्थ्य जांच से जुड़ा बताया जा रहा है और उनके समर्थक उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना कर रहे हैं।