छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बिहार विधान परिषद के बाहर RJD का हंगामा, NDA सरकार को खूब फटकारा
Bihar News : बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को विपक्षी सदस्यों ने NEET छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधान परिषद सदस्यों ने बिहार विधान परिषद के बाहर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और छात्र आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। विपक्षी सदस्यों ने आरोप लगाया कि सरकार ‘हिटलरशाही’ पर उतर आई है और छात्रों की आवाज को दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान राजद नेताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
राजद के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि जिस तरीके से छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, वह बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कानून की धज्जियां उड़ा रही है और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों पर कार्रवाई की जा रही है।
सोशल मीडिया पर सरकार की आलोचना करने को लेकर भी अब्दुल बारी सिद्दीकी ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर बिहार सरकार का विरोध करने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा तो सरकार मुकदमा कर सकती है। उन्होंने कहा कि इससे विपक्ष पीछे हटने वाला नहीं है और मुकदमे की धमकी से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
CJP के दिल्ली प्रदर्शन का मुद्दा भी गरमाया
बिहार में विपक्ष का यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है, जब दिल्ली में CJP (Cockroach Janta Party) के नेतृत्व में छात्रों का विरोध प्रदर्शन भी राजनीतिक मुद्दा बन गया है। परीक्षा संकट और छात्रों की मांगों को लेकर दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज के आरोपों ने विपक्ष को सरकार पर हमला करने का नया मुद्दा दे दिया है।
इसी मामले को लेकर मंगलवार को संसद में भी हंगामा हुआ। विपक्ष ने छात्रों के प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई और परीक्षा संकट को लेकर सरकार से जवाब मांगा। लोकसभा और राज्यसभा में विपक्षी सांसदों के हंगामे के कारण कार्यवाही प्रभावित हुई और दोनों सदनों को दोपहर 12 बजे तक स्थगित करना पड़ा।
अब बिहार विधान परिषद के बाहर NEET छात्रों के समर्थन में राजद का प्रदर्शन और दिल्ली में CJP के प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई—दोनों मुद्दों ने छात्र आंदोलन को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच सियासी टकराव को और तेज कर दिया है। मानसून सत्र के दौरान विपक्ष ने साफ संकेत दिया है कि छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का मुद्दा सदन से सड़क तक उठाया जाएगा।
अभिजीत की रिपोर्ट