दिल्ली में राहुल गांधी की हिरासत के बाद बिहार में सियासी भूचाल: लोकभवन के मुख्य गेट पर कांग्रेस नेताओं का जोरदार प्रदर्शन

दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद बिहार की सियासत गरम हो गई है। बिहार प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पटना स्थित बिहार लोकभवन के मुख्य गेट पर अनिश्चितकालीन धरना दे रहे है.

दिल्ली में राहुल गांधी की हिरासत के बाद बिहार में सियासी भूच
दिल्ली में राहुल गांधी की हिरासत के बाद बिहार में सियासी भूचाल- फोटो : देवांशु प्रभात

Patna : देश की राजधानी नई दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में बिहार में भी राजनीतिक गर्माहट बढ़ गई है। घटना के तुरंत बाद बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पटना स्थित बिहार लोकभवन के मुख्य गेट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।


लोकभवन के गेट पर धरना, केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी

राहुल गांधी की हिरासत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पटना में सड़क पर उतर आए और बिहार लोकभवन के गेट के सामने धरने पर बैठ गए। आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारी नेताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर मुख्य रूप से दो प्रमुख मांगें रखीं:

  1. "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो:" केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की।
  2. "राहुल गांधी को रिहा करना होगा:" नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक राहुल गांधी को ससम्मान रिहा नहीं किया जाता, तब तक उनका यह आंदोलन और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।


विपक्ष की आवाज दबाने का लगाया आरोप

धरने पर बैठे बिहार कांग्रेस के नेताओं ने केंद्र सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में जनता और युवाओं की आवाज उठाने वाले नेता राहुल गांधी को सरकार डराने और दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं को हिरासत में लेना लोकतंत्र की हत्या के समान है और कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता इस अन्याय के खिलाफ सड़क से संसद तक लड़ाई लड़ेगा।


प्रशासनिक मुस्तैदी और सुरक्षा बढ़ाई गई

लोकभवन के मुख्य द्वार पर कांग्रेस के अचानक धरने पर बैठने से वहां काफी देर तक हलचल मची रही। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। फिलहाल कांग्रेस नेता अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और धरना जारी है।


देवांशु प्रभात की रिपोर्ट