भाई वीरेंद्र का बड़ा हमला: ‘JDU में आग लग चुकी है, अब पार्टी नाम की कोई चीज नहीं बचेगी’, नीतीश-निशांत को दी नसीहत

भाई वीरेंद्र ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके बेटे एवं स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को अभी भी संभल जाने की नसीहत दी। भाई वीरेंद्र ने JDU के भीतर चल रही राजनीतिक हलचल पर कहा कि पार्टी में आग लग चुकी है

Bhai Virendra- फोटो : news4nation

Bihar News :  राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने बुधवार को जनता दल यूनाइटेड (JDU) और बिहार सरकार को लेकर एक के बाद एक कई गंभीर बयान दिए। उन्होंने JDU में चल रहे कथित विवाद पर कहा कि “आग लग चुकी है और अब JDU पार्टी नाम की कोई चीज रहने वाली नहीं है।” उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके बेटे एवं स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को अभी भी संभल जाने की नसीहत दी। भाई वीरेंद्र ने JDU के भीतर चल रही राजनीतिक हलचल पर कहा कि पार्टी में आग लग चुकी है और किसी ने उसमें पलीता लगा दिया है। उन्होंने कहा कि यह पूरा खेल खेला जा रहा है और नीतीश कुमार तथा निशांत को अभी भी स्थिति समझ लेनी चाहिए।


 उपेंद्र कुशवाहा पर निशाना

राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के तीन विधायकों के टूटने के सवाल पर भाई वीरेंद्र ने पार्टी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधायक टूटेंगे नहीं तो और क्या होगा। भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि उपेंद्र कुशवाहा को जब मौका मिलता है तो वह अपनी पत्नी को विधायक बनाते हैं, मौका मिलने पर बेटे को मंत्री बनाते हैं और मौका मिलने पर खुद राज्यसभा चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि इससे विधायकों और कार्यकर्ताओं में स्वाभाविक तौर पर आक्रोश है और अब जैसा उन्होंने किया है, वैसा ही परिणाम उनके सामने आ रहा है।


प्रशांत किशोर का चैलेंज स्वीकारें नीतीश 

JDU के पटना स्नातक सीट से उम्मीदवार नीरज कुमार को लेकर प्रशांत किशोर के बयान पर भी भाई वीरेंद्र ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चुनौती दी है कि अगर वह नीरज कुमार के समर्थन में वीडियो जारी कर वोट देने की अपील करते हैं तो वह नीरज कुमार के खिलाफ अपना उम्मीदवार वापस ले लेंगे। भाई वीरेंद्र ने कहा कि नीतीश कुमार को इस चुनौती को स्वीकार करना चाहिए और नीरज कुमार के पक्ष में वीडियो जारी करना चाहिए।


बिहार का खजाना खाली 

भाई वीरेंद्र ने बिहार सरकार की वित्तीय स्थिति पर भी सवाल उठाया। उन्होंने दावा किया कि “बिहार सरकार का खजाना खाली है” और विकास के नाम पर सिर्फ दिखावा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें अभी तक वेतन नहीं मिला है और बुधवार को बैंक जाने पर पता चला कि वेतन खाते में नहीं आया है।


डस्टबिन घोटाले पर सरकार को घेरा

स्वास्थ्य विभाग में कथित डस्टबिन घोटाले को लेकर पटना हाईकोर्ट की ओर से नोटिस जारी किए जाने पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि इस मामले को उनकी पार्टी पहले ही उठा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि 500 रुपये का डस्टबिन 15 हजार रुपये में खरीदा गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में जिन लोगों की पहुंच ऊपर तक है, उनकी भी जांच होनी चाहिए और हाईकोर्ट को इस मामले में संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। भाई वीरेंद्र ने बिहार में व्यापक भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्री और अधिकारी खुलेआम कमीशन मांग रहे हैं और उसके बाद टेंडर देने की बात करते हैं।


बाढ़ पीड़ितों को मदद पर सवाल

बिहार सरकार की ओर से बाढ़ पीड़ितों को 12 तारीख को 7 हजार रुपये की सहायता राशि दिए जाने के सवाल पर भी भाई वीरेंद्र ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि 7 हजार रुपये से क्या होगा, इससे तो एक झोला सब्जी भी नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि RJD ने बाढ़ पीड़ित परिवारों को कम से कम 25-25 हजार रुपये देने की मांग की थी, लेकिन सरकार 7 हजार रुपये देकर अपनी जिम्मेदारी पूरी करने का दिखावा कर रही है।


भाजपा पर हमला

भाई वीरेंद्र ने महागठबंधन के आक्रोश मार्च और गुरुवार को तेजस्वी यादव के प्रस्तावित लोकभवन मार्च को लेकर भी सरकार और भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र को पूरी तरह बर्बाद करने में लगी है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी विरोध जताते हुए कहा कि “ज्ञानेश कुमार को किसी हालत में जाना होगा।” भाई वीरेंद्र ने कहा कि विपक्ष लोकतंत्र को बर्बाद नहीं होने देगा और इसी मुद्दे को लेकर महागठबंधन आंदोलन कर रहा है।