जदयू ऑफिस में निशांत से मिले राजद विधायक बोगो सिंह, नीतीश के बेटे सामने फूटा MLA का गुस्सा

बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के तमाम दावों के बीच राजद विधायक बोगो सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत से मुलाकात कर अपने विधानसभा क्षेत्र में बदहाल स्थिति को बयां किया है.

Bogo Singh met Nishant - फोटो : news4nation

Bihar News : राजद विधायक बोगो सिंह बुधवार को जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के जनता दरबार में अपनी शिकायत रखी। इस दौरान उन्होंने अपने गांव में बने छह बेड वाले अस्पताल की बदहाल स्थिति को लेकर नाराजगी जताई। बोगो सिंह ने कहा कि इससे पहले वे स्वास्थ्य विभाग गए थे, लेकिन मंत्री से मुलाकात नहीं हो पाई थी। उन्होंने कहा, “बहुत दुखी होकर हम यहां आए थे।”


राजद विधायक ने बताया कि वर्ष 2014-15 में जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री थे, तब उनकी सहमति से उनकी मां के नाम पर गांव में छह बेड वाले अस्पताल के निर्माण के लिए करीब दो करोड़ रुपये मूल्य की जमीन दान दी गई थी। उन्होंने कहा कि अस्पताल का निर्माण शुरू हुआ, लेकिन चुनाव हारने के बाद काम अधूरा रह गया।


बोगो सिंह ने आरोप लगाया कि आज उस अस्पताल की स्थिति बेहद खराब है और वहां इलाज के बजाय भूसा रखा जा रहा है। उन्होंने कहा, “छह महीने से सरकार बनी हुई है, लेकिन अस्पताल में कुत्ते बैठे रहते हैं। क्या यही सुशासन की सरकार है?”


उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल उठा चुके हैं और उसी मुद्दे को लेकर वे जनता दरबार पहुंचे थे। वहीं स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने विधायक को आश्वासन देते हुए कहा कि मामले को देखा जाएगा और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।