विधानसभा में राजद विधायक ने उठाया अनंत सिंह के विधानसभा क्षेत्र मोकामा से जुड़ा सवाल, टाल के किसानों पर बड़ा ऐलान
मोकामा टाल इलाके से समय पर पानी नहीं निकलने और जलजमाव के मुद्दे पर राजद के कुमार सर्वजीत ने सवाल किया. साथ ही उन्होंने दलहन उत्पादों की खरीद एमएसपी पर होगी या नहीं इस पर भी सरकार से सवाल उठाया.
Mokama : मोकामा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनंत सिंह के इलाके के किसानों की समस्या को बिहार विधानसभा में गुरुवार को राजद विधायक की ओर से उठाया गया. मोकामा-बड़हिया टाल क्षेत्र के इलाके मोकामा और लखीसराय विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं. मोकामा से अनंत सिंह जबकि लखीसराय से उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा विधायक हैं. अनंत सिंह फ़िलहाल जेल में हैं.
दरअसल, मोकामा टाल इलाके से समय पर पानी नहीं निकलने और जलजमाव के मुद्दे पर राजद के कुमार सर्वजीत ने सवाल किया. साथ ही उन्होंने दलहन उत्पादों की खरीद एमएसपी पर होगी या नहीं इस पर भी सरकार से सवाल उठाया. इस पर कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में टाल इलाके में काफी काम हो रहा है.
वहीं जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि टाल इलाके में जल प्रबंधन के लिए काफी काम हुआ है. टाल के सरप्लस जल के निकासी की व्यवस्था की जा रही है . हारोहार नदी के माध्यम से गंगा के पानी के निकाल की व्यवस्था की जा रही है . लखीसराय बालगुदर में एंटी फ्लूड्स स्विस गेट तैयार किया जा रहा है . उन्होंने भरोसा दिलाया कि टाल के किसानों की बेहतरी के लिए बिहार सरकार प्रतिबद्ध है. साथ ही दलहन उत्पादों की खरीद एमएसपी पर होने को लेकर भी सरकार के तय मानकों का उल्लेख सदन में किया गया.
मक्का की खरीदारी के सवाल पर घिरी मंत्री लेसी सिंह
जोकिहाटी विधायक ने मक्का की खरीदारी से जुड़ा सवाल पूछा था। इस पर उन्हें जवाब मिला कि व्यापार मंडल और पैक्स दोनों जगह मक्का ख़रीदने का आदेश दिया था. इस जवाब पर जोकीहाट विधायक ने कहा कि केवल व्यापार मंडल के लिए आदेश मिला था न कि पैक्स से. सरकार की तरफ़ से ग़लत जवाब दिया गया।
इथेनॉल प्लांट से डिमांड के तहत खरीददारी
मंत्री ने अपने जवाब में कहा कि इथेनॉल प्लांट से डिमांड के बाद ही NCCF के माध्यम से मक्के की खरीदारी की जाएगी। इस पर AIMIM के अख्तरुल ईमान ने कहा कि इसिलये MSP तय किया जाता है कि बाज़ार में डिमांड न हो तब भी उचित मूल्य मिल सके । इसके बाद स्पीकर ने मंत्री को सलाह दी कि सदयों के सुझाव की समीक्षा कर निर्णय लें।
रंजन की रिपोर्ट