बिहार में हुए हर एनकाउंटर की हो निष्पक्ष जांच, सीएम सम्राट चौधरी पर खूब बरसे राजद सांसद मनोज झा, लालू यादव को खलनायक बताने पर लताड़ा

राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि बिहार में होने वाले हर एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कई मामलों में "सच का एनकाउंटर" किया जा रहा है।

Bihar News :  राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बिहार में महिलाओं, बेटियों और बच्चों की सुरक्षा गंभीर संकट में है और सरकार इस मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। मनोज झा ने बेगूसराय में अति पिछड़ा वर्ग की महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म, चंपारण और समस्तीपुर में महिलाओं के साथ हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि सरकार महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा नहीं दे सकती तो उसे शासन करने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा, "अगर आपके राज में महिलाएं, बेटियां और बच्चे सुरक्षित नहीं हैं तो यह सरकार केवल नौटंकी कर रही है।" उन्होंने कहा कि जब भाजपा विपक्ष में थी तब प्रधानमंत्री और भाजपा नेता कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर लगातार सवाल उठाते थे, लेकिन आज ऐसी घटनाओं पर उनकी चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। झा ने आरोप लगाया कि सरकार की यह चुप्पी उसकी कार्यप्रणाली को उजागर करती है।


एनकाउंटर पर भी उठाए सवाल

राजद सांसद ने कहा कि बिहार में होने वाले हर एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कई मामलों में "सच का एनकाउंटर" किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चाहे किसी भी व्यक्ति का एनकाउंटर हो, यदि उसके पीछे कोई संदेह है तो राजद उसके सच को सामने लाने के लिए खड़ा रहेगा।


महिलाओं से किए वादों को लेकर सरकार पर निशाना

मनोज झा ने महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान महिलाओं से किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया है। राजद इन मुद्दों को लेकर आंदोलन चलाएगी और जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा में भले उनकी संख्या कम हो, लेकिन सड़क पर जनता का समर्थन उनके साथ है।


सम्राट चौधरी के बयान की निंदा

राजद सांसद ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के उस बयान की कड़ी आलोचना की जिसमें उन्होंने राजद प्रमुख लालू यादव को लेकर टिप्पणी की थी। मनोज झा ने कहा, "हम तो खलनायक को भी खलनायक नहीं कहते, लालू यादव तो नायक हैं। सामाजिक न्याय के योद्धा के रूप में उनकी पहचान है और आज भी करोड़ों लोग उन्हें सम्मान की दृष्टि से देखते हैं।" उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर के बाद यदि किसी नेता ने अति पिछड़ा वर्ग के सम्मान और अधिकारों की सबसे मजबूती से लड़ाई लड़ी है तो वह लालू यादव हैं। सम्राट चौधरी का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे लालू यादव के समर्थकों को गहरी पीड़ा पहुंची है।


सुरक्षा और सरकारी आवास को लेकर भी सरकार पर हमला

मनोज झा ने मुख्यमंत्री द्वारा लालू यादव की सुरक्षा को लेकर दिए गए बयान पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से राजद कार्यकर्ता स्वयं अपने नेता की सुरक्षा में लगे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उन लोगों को भी सुरक्षा और सरकारी सुविधाएं दे रही है जिन्हें इसकी आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव पर सरकार कोई उपकार नहीं कर रही है। वे अपने पद और अधिकारों के आधार पर इन सुविधाओं के हकदार हैं। यदि सरकार इस मामले में गलत जानकारी फैलाना बंद नहीं करती तो राजद न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी।


खाली खजाने का भी लगाया आरोप

राजद सांसद ने बिहार की वित्तीय स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने दावा किया कि कई पेंशनभोगियों को महीनों से पेंशन नहीं मिली है और अनेक कर्मचारियों का वेतन भी लंबित है। झा ने कहा की उनके पिता को भी पेंशन नहीं मिली है। उन्होंने सरकार से राज्य के खजाने की वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, वित्तीय प्रबंधन और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर सरकार जवाब देने से बच रही है, जबकि राजद इन सवालों को सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी।

रंजन की रिपोर्ट