चुनाव आयोग के खिलाफ सड़कों पर उतरी राजद: कैमूर, गोपालगंज और भोजपुर में मुख्य चुनाव आयुक्त का फूंका पुतला

राजद के केंद्रीय व प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर शुक्रवार को राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई जिलो में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। इस दौरान ज्ञानेश कुमार के पुतला दहन के साथ-साथ केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई...

चुनाव आयोग के खिलाफ राजद का प्रदर्शन- फोटो : रिपोर्टर

Bihar Political News : राष्ट्रीय जनता दल के केंद्रीय व प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर शुक्रवार को राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई जिलो में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। इसी कड़ी में कैमूर जिला मुख्यालय भभुआ में चुनाव आयोग के खिलाफ राजद कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। निवर्तमान राजद जिलाध्यक्ष अकलू राम और रामगढ़ के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अजीत सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता प्रधान कार्यालय से जुलूस की शक्ल में निकले और एकता चौक पहुंचे। यहां आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल और इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट का हवाला 

प्रदर्शन के दौरान राजद नेता अजीत सिंह ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मतदाता सूची से नाम जोड़ने-हटाने की प्रक्रिया तथा डिजिटल प्रणालियों के केंद्रीकरण को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए। राजद नेताओं ने 23 सितंबर की 'द इंडियन एक्सप्रेस' की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि निर्वाचन आयोग के भीतर ही दो चुनाव आयुक्तों—सुखबीर सिंह संधु और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में विभिन्न निर्णयों पर कम से कम 14 बार लिखित आपत्ति दर्ज कराई है। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने, कानूनी कार्रवाई करने और निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग रखी।


गोपालगंज में अंबेडकर चौक से स्टेट बैंक चौक तक विरोध मार्च 

वहीं गोपालगंज जिला राजद की ओर से भी व्यापक विरोध प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर चौक से विरोध मार्च निकाला, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ स्टेट बैंक चौक पहुंचा। वहां कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया। जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह, पूर्व विधायक राजेश सिंह कुशवाहा और प्रधान महासचिव इम्तेयाज अली भुट्टो ने आरोप लगाया कि एसआईआर को लेकर आम मतदाताओं के बीच गहरी आशंकाएं हैं और आयोग को इन पर पारदर्शी जवाब देना चाहिए।


भोजपुर (आरा) में भी जमकर गरजे राजद नेता, फूंका पुतला 

आरा (भोजपुर)। चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मताधिकार की सुरक्षा की मांग को लेकर राजद भोजपुर की ओर से जिला मुख्यालय आरा में विशाल प्रदर्शन आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष वीरबल यादव के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में विधान पार्षद (MLC) सोनू राय, जिला प्रवक्ता आलोक रंजन और जिला परिषद सदस्य डॉ. भीम यादव सहित कई दिग्गज शामिल हुए। राजद नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची में फेरबदल कर बिहार समेत अन्य राज्यों के चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग दोहराई।


लोकतंत्र की रक्षा और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था की मांग 

इन जिलों में आयोजित इन प्रदर्शनों के दौरान वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के निर्देश पर संविधान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए यह आंदोलन छेड़ा गया है। इस दौरान कैमूर में भोलानाथ सिंह, आशिफ मुन्ना खां, बिरजू पटेल; तो वहीं आरा में पूर्व विधायक राम विशुन सिंह उर्फ लोहिया, पूर्व प्रत्याशी रामबाबू सिंह, हाकिम प्रसाद व मंटू शर्मा सहित भारी संख्या में राजद पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। राजद नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई, तो पार्टी आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर उतरकर आंदोलन जारी रखेगी।


देवव्रत, नमो नारायण मिश्रा और आशीष की रिपोर्ट