भोजपुर-बक्सर एमएलसी उपचुनाव में राजद का परचम: तेजस्वी ने कहा-लोकतंत्र की हुई जीत

Bihar Politics : भोजपुर-बक्सर स्थानीय निकाय एमएलसी उपचुनाव में राजद की शानदार जीत पर तेजस्वी यादव ने बड़ा दावा किया है। तेजस्वी का दावा है कि बैलेट पेपर से चुनाव हो तो एनडीए कहीं नहीं टिकेगी....

एमएलसी उपचुनाव में राजद की विजय को तेजस्वी ने बताया लोकतंत्र की जीत- फोटो : रंजन कुमार

Patna : भोजपुर-बक्सर स्थानीय निकाय एमएलसी उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रत्याशी सोनू राय ने एनडीए उम्मीदवार को करारी शिकस्त दी है। इस शानदार जीत पर राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सभी कार्यकर्ताओं, मतदाताओं और स्थानीय नेताओं को हार्दिक बधाई एवं धन्यवाद दिया। उन्होंने इस जीत को कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास का परिणाम बताया।


बैलेट पेपर की वकालत: "मशीन नहींमतपत्र से हो चुनाव" 

जीत के बाद तेजस्वी यादव ने एक बार फिर चुनावी प्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि राजद शुरू से ही बैलेट पेपर (मतपत्र) से चुनाव कराने की मांग कर रही है। तेजस्वी ने दावा किया कि अगर देश और प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के बजाय बैलेट पेपर से मतदान कराया जाए, तो भाजपा और एनडीए का गठबंधन कहीं भी टिक नहीं पाएगा।


पोस्टल बैलेट का हवाला और छल-कपट का आरोप 

तेजस्वी यादव ने पिछले बिहार विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि पोस्टल बैलेट पेपर की गिनती में राजद गठबंधन 150 से अधिक सीटों पर जीत रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि तंत्र, यंत्र और षड्यंत्र के माध्यम से छल-कपट कर उन्हें चुनावी नतीजों में हरा दिया गया था। उन्होंने चुनावी पारदर्शिता को लेकर अपनी आशंकाएं जाहिर करते हुए मौजूदा व्यवस्था पर कड़ा प्रहार किया।


मतगणना की समय अवधि पर सवाल 

लोकतांत्रिक पारदर्शिता पर जोर देते हुए तेजस्वी ने कहा कि आजकल मतगणना के दिन भी परिणाम घोषित करने में रात के 1 से 2 बज जाते हैं। उन्होंने तर्क दिया कि पहले मतपत्रों की गिनती में भी लगभग इतना ही समय लगता था। ऐसे में जनतंत्र में जनता का विश्वास कायम रखने के लिए ईवीएम की जगह दोबारा बैलेट पेपर को ही अपनाना चाहिए ताकि प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे।


जीतने के बाद भी ईवीएम का विरोध जारी 

आमतौर पर विपक्षी दलों पर यह आरोप लगता है कि वे हारने पर ही ईवीएम को दोष देते हैं, लेकिन तेजस्वी यादव ने इस पर स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा कि वे और उनकी पार्टी जीतने के बाद भी हमेशा बैलेट पेपर से ही मतदान कराने के पक्षधर रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर अपनी जीत की खुशी साझा करते हुए कार्यकर्ताओं को आगाह किया और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए तैयार रहने को कहा।


रंजन की रिपोर्ट