अनियंत्रित बाइक ने किशोरी को कुचला: इलाज से पहले तोड़ा दम, एक आरोपी हिरासत में

अनियंत्रित बाइक ने किशोरी को कुचला: इलाज से पहले तोड़ा दम, ए
मृतक की फाइल फोटो- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भवानीपुर उत्तर पंचायत के भेड़वा टोला में गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से 14 वर्ष की एक मासूम किशोरी की जान चली गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।


शादी समारोह से दादी के साथ लौट रही थी मासूम 

मृत किशोरी की पहचान वार्ड संख्या 12 निवासी रामप्रकाश यादव की सुपुत्री मधु कुमारी के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधु अपनी दादी के साथ गांव में ही आयोजित एक विवाह उत्सव में शामिल होने के लिए गई हुई थी। देर शाम जब शादी की रस्में और समारोह खत्म हुआ, तब वह अपनी दादी के साथ पैदल ही वापस अपने घर की ओर लौट रही थी।


टक्कर इतनी जोरदार कि कई फीट दूर जा गिरी किशोरी 

घर लौटने के क्रम में जैसे ही वह नहरी सड़क पर पहुंची, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित और अत्यधिक तेज गति की बाइक ने उसे सीधी और जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर का वेग इतना भयानक था कि किशोरी हवा में उछलकर सड़क से कई फीट दूर जा गिरी, जिससे उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में बेहद गंभीर चोटें आईं। हादसे को देखते ही मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।


तीन सवारों में से दो हुए फरारएक को ग्रामीणों ने दबोचा 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक पर कुल तीन युवक सवार थे, जो काफी लापरवाही से गाड़ी चला रहे थे। दुर्घटना के तुरंत बाद दो युवक मौके का फायदा उठाकर वहां से नौ दो ग्यारह हो गए, जबकि एक युवक को स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर मौके पर ही पकड़ लिया। उग्र लोगों ने उसकी जमकर क्लास लगाई और बाद में घटना स्थल पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया।


अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

लहूलुहान स्थिति में मधु को तुरंत प्रतापगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। प्रतापगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया गया है। हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है और फरार अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। लिखित शिकायत के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट