विधान परिषद में राजद के सुनील सिंह और मंत्री अशोक चौधरी के भिड़ंत, गाली-गलौज तक हुई ! सभापति का सख्त एक्शन

मंत्री दिलीप जायसवाल ने विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिस तरह विपक्ष के एक नेता ने एक दलित समाज से आने वाले मंत्री के साथ गाली-गलौज की, वह बेहद निंदनीय है।

Bihar Legislative Council- फोटो : news4nation

Bihar Vidhan Parishad : बिहार विधान परिषद में मंगलवार को एक बार फिर से विपक्ष का जोरदार हंगामा देखने को मिला. स्थिति यहां तक पहुंच गई कि विपक्ष के सदस्यों पर सत्ता पक्ष के लोगों ने गाली गलौज करने का कथित आरोप लगाया. सदन की कार्यवाही शुरू होते ही राजद के विधान पार्षद सुनील सिंह और मंत्री अशोक चौधरी के बीच जमकर भिडंत हुई. दावा किया गया कि गाली -गलौज भी किया गया. सदन की स्थिति अराजक होता देख सभापति ने विपक्ष के मार्शल आउट का आदेश भी दिया, इसके बाद भी हंगामा जारी रहा. 


मंत्री दिलीप जायसवाल ने विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिस तरह विपक्ष के एक नेता ने एक दलित समाज से आने वाले मंत्री के साथ गाली-गलौज की, वह बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं सदन में मौजूद थे और अपने काम के दौरान उन्होंने यह सब सुना।


दिलीप जायसवाल ने आरोप लगाया कि आवेश में आकर विपक्ष के नेता ने मंत्री के लिए ऐसे गंदे शब्दों का इस्तेमाल किया, जिन्हें वह माइक पर भी नहीं दोहरा सकते। उन्होंने कहा कि यह एक दलित समाज के मंत्री का अपमान है और इस तरह के आचरण को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता।


मंत्री ने मांग की कि संबंधित नेता को इस व्यवहार के लिए सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगनी चाहिए और जब तक वह माफी नहीं मांगते, उन्हें सदन में प्रवेश नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा एक लोकतांत्रिक स्थान है, न कि गाली-गलौज करने का मंच।


दिलीप जायसवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि विपक्ष के नेता अपनी सीट से उठकर मंत्री के पास आए और गाली-गलौज की, जिसे पूरा सदन देख रहा था। उन्होंने कहा कि यह सही नहीं है और केवल सदन से बाहर निकल जाना ही समाधान नहीं है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए वीडियो फुटेज मंगाई जाए और दोषियों पर निश्चित रूप से कार्रवाई की जाए।