Bihar News: नवादा में सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर, चालक की मौके पर हुई मौत

Bihar News: नवादा में सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट गई और चालक दब गया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

ट्रैक्टर चालक की मौत - फोटो : social media

Bihar News: नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना दरावां पंचायत के बरौन-भुआलटांड़ मुख्य मार्ग पर हुई। मृतक की पहचान खड़सारी पंचायत के कदहर गांव निवासी बिजली राम के 22 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। वह पेशे से ट्रैक्टर चालक था और बालू ढुलाई का काम करता था।

ट्रैक्टर से लौट रहा था गांव

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह राहुल कुमार बालू अनलोड कर ट्रैक्टर से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रैक्टर इंजन और डाला सहित करीब आठ फीट नीचे खेत में जा गिरा।

ट्रैक्टर के नीचे दबा चालक 

हादसा इतना भीषण था कि चालक ट्रैक्टर के पहिए के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की जान जा चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही कौआकोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से पलटे ट्रैक्टर को हटवाया। 

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव 

आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया गया। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

नवादा से अमन की रिपोर्ट