Rohtas tendua rescue: रोहतास में तेंदुए से दहशत! भीड़ के बीच रिहायशी इलाके में घुसा, आधा दर्जन लोग घायल, वन विभाग ने 3 घंटे बाद किया रेस्क्यू
Rohtas tendua rescue: रोहतास के कोचस में तेंदुआ घुसने से दहशत फैल गई। कई लोग घायल हुए। वन विभाग ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
Rohtas tendua rescue: रोहतास जिले के कोचस नगर पंचायत क्षेत्र में बुधवार (3 दिसंबर 2025) को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में घुस आया। दरअसल बक्सर रोड स्थित पावर हाउस के समीप नदी किनारे तेंदुआ के दिखाई दिये जाने के साथ ही लोगों में दहशत फैल गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान लोगों ने तेंदुए का वीडियो भी बनाना शुरू कर दिया, जो अब विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है।
भीड़ देख रिहायशी इलाके में घुसा तेंदुआ
वहीं तेंदुआ देखे जाने की खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। काफी संख्या में लोग झुंड बनाकर तेंदुए के पीछे-पीछे दौड़ने लगे, जिससे घबराकर तेंदुआ रिहायशी इलाके में जा घुसा और स्थिति गंभीर हो गई। तेंदुआ कभी खेतों की तरफ भागता, तो कभी गली मोहल्ले में दौड़ लगाने लगता। अंत में थक-हारकर तेंदुए को एक घर के मुख्य द्वार पर काफी देर तक आराम फरमाते हुए भी देखा गया और इस दौरान लोग खूब शोर शराबा करते रहे।
वन विभाग की टीम के साथ पहुंचे डीएफओ
इधर कोचस में तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिलते ही तत्काल वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। तेंदुए को पकड़ने एवं लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डीएफओ स्टालिन फीडल कुमार खुद वन विभाग की टीम के साथ सक्रिय हो गये और उन्होंने लोगों से वन विभाग को सहयोग करने की अपील की। इस दौरान वन विभाग ने तेंदुए का लोकेशन ट्रैक किया, ताकि उसे सुरक्षित पकड़कर अथवा जंगल की तरफ खदेड़ा जा सके। वन विभाग अपने साथ करेंट बाड़, पिंजरा व अन्य उपकरणों के साथ तेंदुए को पकड़ने में जुटी थी।
भागने के क्रम में लोगों के घायल होने की सूचना
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेंदुए ने इस्लामनगर और बहटूटू़िया रोड के रहने वाले लगभग आधा दर्जन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल किया है। बताया गया कि भागने के क्रम में तेंदुए ने हमला किया, जिसमें कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। वहीं कुछ व्यक्तियों को हल्की-फुल्की चोटें भी आईं हैं। साथ हीं प्रशासन व वन विभाग की टीम ने ऐसी स्थिति में लोगों से बाहर न निकलने एवं जंगली जानवरों को परेशान न करने की अपील भी की।
तेंदुए का रेस्क्यू, कई वनकर्मी व ग्रामीण घायल
वन विभाग की टीम ने तेंदुए को 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। इस संदर्भ में डीएफओ स्टालिन फीडल कुमार ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान वन विभाग के एक कर्मी के साथ एक आम व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिनकी स्थिति खतरे से बाहर है। उन्होंने बताया कि तेंदुए का रेस्क्यू के बाद वन विभाग में लाया गया है, जहां से उसे जंगल में सुरक्षित छोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि तेंदुए के हमले में वनरक्षक रोहित कुमार, वनपाल अमलेश कुमार सहित रेस्क्यू टीम के विवेक कुमार, अमरनाथ गुप्ता एवं रविन्द्र कुमार घायल हैं। जबकि ग्रामीण संतोष साह की हालत नाजुक बनी हुई है।
RANJAN SINGH ROHTAS