पटना मेट्रो का विस्तार: मलाही पकड़ी से बैरिया बस स्टैंड तक शुरू होगा परिचालन, आ गई तारीख

पटना वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मलाही पकड़ी से बैरिया बस स्टैंड के बीच इसी मार्च के अंत तक मेट्रो दौड़ने लगेगी। ट्रायल रन सफल होने के बाद अब बस हरी झंडी का इंतजार है।

पटना मेट्रो का विस्तार:  मलाही पकड़ी से बैरिया बस स्टैंड तक

Patna - राजधानी पटना के निवासियों के लिए मेट्रो का सफर अब और सुगम होने जा रहा है। मलाही पकड़ी से बैरिया बस स्टैंड तक के रूट पर इसी महीने यानी मार्च के अंत तक परिचालन शुरू करने की तैयारी है। उपमुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को पटना मेट्रो की कार्य प्रगति की समीक्षा की, जिसमें अधिकारियों ने बताया कि इस रूट के लिए लगभग सभी तकनीकी कार्य पूरे कर लिए गए हैं।

ट्रायल रन सफल, CMRS की मंजूरी का इंतजार

समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री को जानकारी दी कि मलाही पकड़ी तक के विस्तार के लिए आवश्यक 'ट्रायल रन' सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। अब केवल रेल संरक्षा आयुक्त (CMRS) की ओर से अंतिम निरीक्षण और हरी झंडी मिलना बाकी है। अनुमति मिलते ही इस खंड पर आम यात्रियों के लिए मेट्रो सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी, जिससे यातायात का दबाव कम होगा।

वर्तमान में भूतनाथ तक मिल रही है सुविधा

उल्लेखनीय है कि फिलहाल पटना मेट्रो का परिचालन बैरिया बस स्टैंड से भूतनाथ स्टेशन के बीच ही सीमित है। मलाही पकड़ी तक विस्तार होने से कॉरिडोर-2 के एक महत्वपूर्ण हिस्से पर कनेक्टिविटी बढ़ जाएगी। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि सिविल वर्क का काम समय सीमा के भीतर चल रहा है और जमीन हस्तांतरण से जुड़े लगभग सभी विवाद सुलझा लिए गए हैं।

तकनीकी कार्यों और टनलिंग की समीक्षा

बैठक में मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने टनलिंग (सुरंग निर्माण), इलेक्ट्रिकल वर्क और सिग्नलिंग से जुड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि गुणवत्ता और सुरक्षा से समझौता किए बिना कार्यों को गति दी जाए। बैठक में विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, पटना मेट्रो के एमडी संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी और नगर आयुक्त यशपाल मीणा सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।