बाढ़ रेलवे स्टेशन पर RPF और GRP बड़ी कार्रवाई: 12 लाख की हीरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, असम से जुड़े हैं तार

12 लाख की हीरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार- फोटो : रवि शंकर

Patna : मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम को सोमवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर बाढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर की गई छापेमारी में पुलिस ने एक तस्कर को भारी मात्रा में हीरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई जा रही है।


मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई बरामदगी 

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रामदयाल राय (41 वर्ष), निवासी काला दियारा, सालिमपुर (पटना) के रूप में हुई है। पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 08:25 बजे उसे संदिग्ध अवस्था में हिरासत में लिया था। तलाशी के दौरान मादक पदार्थ की पुष्टि होने पर स्थानीय प्रशासन को सूचित किया गया। इसके बाद प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट श्री सौरभ सुमन की उपस्थिति में विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए अभियुक्त के पास से 59.15 ग्राम हीरोइन बरामद की गई, जिसे पाँच छोटे साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखा गया था।


असम से तस्करी कर लाया गया था माल 

पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने स्वीकार किया कि वह 3-4 दिन पूर्व असम के सिलचर गया था, जहाँ उसने यह खेप करीमगंज (असम) निवासी मोहम्मद कलीमुद्दीन से खरीदी थी। तस्कर ने बताया कि उसने लगभग ₹40,000 प्रति ग्राम की ऊँची दर पर इसे खरीदा था और उसका उद्देश्य स्थानीय क्षेत्र में छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर इसे ऊँचे दामों पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाना था।


सप्लायर पर भी कसा गया शिकंजा 

पटना पुलिस और रेल पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। पुलिस ने न केवल रामदयाल राय को गिरफ्तार किया है, बल्कि इस मामले में मुख्य सप्लायर मोहम्मद कलीमुद्दीन को भी नामजद किया है। असम के करीमगंज स्थित सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए बिहार पुलिस और असम पुलिस के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस सिंडिकेट में और कितने लोग शामिल हैं।


NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज 

राजकीय रेल पुलिस, बाढ़ में अभियुक्त के विरुद्ध NDPS Act की धारा 8(c)/21(b) के अंतर्गत कांड संख्या 19/26 दर्ज किया गया है। विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की तैयारी की जा रही है। रेल पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से मादक पदार्थों के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि स्टेशनों और ट्रेनों के माध्यम से होने वाली तस्करी को रोकने के लिए निगरानी और सख्त की जाएगी।


रवि शंकर की रिपोर्ट