दियारा से लौट रही गैस सिलेंडर की पिकअप पीपा पुल के पास पलटी, ग्रामीणों ने गंगा से निकाले सिलेंडर

पटना के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत सालिमपुर थाना क्षेत्र के ग्यासपुर में पीपा पुल के पास गैस सिलेंडर लदी पिकअप अनियंत्रित होकर गंगा में पलट गई। अधिकांश सिलेंडर खाली होने से बड़ा हादसा टल गया, चालक फरार।

पीपा पुल के पास गंगा में पलटी गैस सिलेंडर लदी पिकअप, बड़ा हादसा टला- फोटो : Reporter

पटना के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत सालिमपुर थाना क्षेत्र के ग्यासपुर में पीपा पुल के किनारे गंगा नदी में गैस सिलेंडर से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, हालांकि बड़ी अनहोनी टल गई।


दियारा से डिलीवरी कर बख्तियारपुर लौट रही थी गाड़ी

जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन दियारा क्षेत्र में उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की डिलीवरी करने के बाद वापस बख्तियारपुर लौट रहा था। इसी दौरान ग्यासपुर के पास गंगा किनारे बने पीपा पुल के समीप वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई।


अधिकांश सिलेंडर खाली होने से टला बड़ा हादसा, चालक फरार

गनीमत यह रही कि वाहन में लदे अधिकांश गैस सिलेंडर खाली थे, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। हादसे के तुरंत बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश व आगे की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।


ग्रामीणों की मदद से गंगा से निकाले गए सिलेंडर

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुटे और तत्परता दिखाते हुए ग्रामीणों के सहयोग से गंगा नदी में गिरे सिलेंडरों को बाहर निकाला गया। इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

बाढ़ से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट