सीएम सम्राट और जीतन राम मांझी का बिहार को बड़ा तोहफा, MSME टेक्नोलॉजी सेंटर का उद्घाटन, 5 नए एक्सटेंशन सेंटर

MSME की दिशा में बिहार में नई और बड़ी शुरुआत के तहत पटना के निकट बिहटा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने बड़ी सौगात की शुरुआत की.

MSME Technology Centre in Bihar- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को तकनीकी बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने मंगलवार को बड़ा कदम उठाया। केंद्रीय MSME मंत्रालय द्वारा बिहटा में निर्मित अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी केंद्र का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने संयुक्त रूप से किया। बिहटा टेक्नोलॉजी सेंटर में एडवांस टूल रूम, CAD-CAM लैब और इनक्यूबेशन सेंटर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे ऑटो पार्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स और कृषि उपकरण सेक्टर को विशेष लाभ मिलेगा।


केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि "बिहार के युवाओं में हुनर की कमी नहीं है। ये टेक्नोलॉजी सेंटर उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेंगे। 'लोकल टू ग्लोबल' का सपना यहीं से पूरा होगा।" वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बोले कि बिहटा का यह केंद्र पूर्वी भारत के MSME हब के रूप में विकसित होगा। राज्य सरकार केंद्र के साथ मिलकर उद्यमियों को हर संभव मदद देगी। उद्घाटन समारोह में विधान पार्षद नवल किशोर यादव, मुख्य सचिव डॉ. प्रत्यय अमृत, कुमार रवि, एडीजे कुंदन कृष्णन सहित हम पार्टी के कई विधायक और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


एक साथ 5 जिलों को मिली सौगात

बिहटा मुख्य केंद्र के साथ ही मुजफ्फरपुर, रोहतास, दरभंगा और मुंगेर में स्थापित MSME एक्सटेंशन सेंटरों का भी रिमोट के जरिए शुभारंभ किया गया। इन केंद्रों से स्थानीय उद्यमियों को नई तकनीक, प्रशिक्षण और उत्पादन में मदद मिलेगी।

 क्या होगा फायदा 

तकनीकी सहायता: MSME इकाइयों को आधुनिक मशीनों और टेस्टिंग सुविधाएं मिलेंगी।  कौशल विकास: युवाओं को टूल डिजाइन, ऑटोमेशन और मैन्युफैक्चरिंग में प्रशिक्षण दिया जाएगा। रोजगार सृजन: नए उद्यमों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उत्पाद गुणवत्ता: एक्सपोर्ट क्वालिटी उत्पाद बनाने में मदद मिलेगी।