NDA के कुनबे को सम्राट चौधरी ने दिया विकास का मंत्र, विधायकों से की खास अपील, इस काम के लिए माँगे 2 घंटे
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिहार में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
Bihar NDA MLA Meeting : बिहार विधानमंडल परिसर में सोमवार को सत्तारूढ़ एनडीए के विधायकों और विधान पार्षदों की अहम बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एनडीए के आपसी सहयोग और बिहार के विकास को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी घटकों के सहयोग से बिहार को आगे ले जाना है और सरकार लगातार विकास के लिए काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिहार में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि जिन बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दूसरे राज्यों में जाना पड़ता था, उन्हें बिहार में ही बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। सम्राट चौधरी ने कहा कि कुछ समय पहले तक बिहार में केवल 274 डिग्री कॉलेज थे, लेकिन अब सरकार ने एक साथ 211 नए डिग्री कॉलेज शुरू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने इसे बिहार के विद्यार्थियों के लिए बड़ा तोहफा बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष ऐप भी तैयार किया है। इस ऐप के माध्यम से विद्यार्थी रात 12 बजे भी अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं और उनके समाधान की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
सरकार के पास पैसे की कमी नहीं
सरकार के पास पैसे की कमी होने को लेकर बनाए जा रहे माहौल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सही नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा रही है। हर महीने की 10 तारीख को वृद्धजनों और दिव्यांगों के खातों में राशि भेजी जा रही है।
उन्होंने ‘सहयोग शिविर’ का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर महीने के दूसरे और अंतिम मंगलवार को वह स्वयं पटना में लोगों की समस्याएं सुनते हैं और उनके समाधान का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद स्पष्ट है कि इंसाफ और अपनी समस्या के समाधान के लिए किसी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
विधायकों से बांकीपुर उपचुनाव में प्रचार की अपील
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एनडीए के विधायकों से बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार में समय देने की अपील की। उन्होंने विधायकों से कहा कि वे शाम के समय कम से कम दो घंटे प्रचार के लिए दें। मुख्यमंत्री ने विधायकों की समस्याओं पर भी भरोसा दिलाते हुए कहा कि जिन विधायकों को किसी तरह की परेशानी है, वे उनसे व्यक्तिगत रूप से मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
रंजन की रिपोर्ट