'सम्राट सरकार अब इस मॉडल पर चलाएगी बिहार’, नीतीश से मुलाकात के बाद उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी का बड़ा ऐलान

सम्राट चौधरी के बिहार का मुख्यमंत्री बनने के बाद अब राज्य में किस मॉडल पर सरकार चलेगी इसे लेकर उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है.

Vijay Chaudhary- फोटो : news4nation

Bihar government : बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी ने शनिवार को राज्य सरकार की नीतियों को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बनी मौजूदा सरकार पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के तय किए गए रास्ते पर ही आगे बढ़ रही है और आगे भी उसी दिशा में काम जारी रहेगा। विजय चौधरी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता “3C” यानी क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म पर सख्त कार्रवाई करना है। इन तीनों मुद्दों पर किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। इसके पहले विजय चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की और उसके बाद यह बड़ा ऐलान किया‘3C पर जीरो टॉलरेंस, नीतीश मॉडल पर ही चलेगी सरकार’


उन्होंने दोहराया कि अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति पहले की तरह लागू है और आगे भी जारी रहेगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी साफ कर दिया है कि सांप्रदायिकता के मामले में नीतीश कुमार की नीति को ही आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में अल्पसंख्यक समाज की भलाई सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में लगातार काम हो रहा है। 


विजय चौधरी के मुताबिक, बिहार में अल्पसंख्यकों के लिए जितना काम हुआ है, वैसा अन्य राज्यों में कम देखने को मिलता है। उन्होंने दावा किया कि एनडीए सरकार बनने के बाद अल्पसंख्यकों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति में सुधार आया है और आज वे खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।


विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने हमेशा अल्पसंख्यकों के बीच भ्रम फैलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि वक्फ कानून और नागरिकता संशोधन कानून (CAA) जैसे मुद्दों पर लोगों को डराने की कोशिश की गई, लेकिन वास्तविकता इससे अलग है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी की नागरिकता नहीं छीनी गई, जबकि विपक्ष ने इन मुद्दों पर अनावश्यक हंगामा खड़ा किया।


उप मुख्यमंत्री ने दोहराया कि भले ही वर्तमान में बिहार का नेतृत्व भाजपा के हाथ में है, लेकिन शासन का तरीका और दिशा नीतीश कुमार के मॉडल पर ही आधारित रहेगा।