वाल्मीकिनगर से राजनीतिक सद्भाव यात्रा का शंखनाद करेंगे निशांत कुमार, पिता नीतीश के एजेंडे को जन-जन तक पहुंचाएंगे
Bettiah : बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार के पुत्र व जदयू नेता निशांत कुमार अपनी पहली 'राजनीतिक सद्भाव यात्रा' की शुरुआत पश्चिम चम्पारण के वाल्मीकिनगर से करेंगे। इस बात की जानकारी जदयू के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने आज बेतिया सर्किट हाउस में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस क दी। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार ने समाज के हर तबके के सर्वांगीण विकास की जिम्मेदारी अब निशांत कुमार के कंधों पर सौंपी है।
"जय निशांत-तय निशांत"
मीडिया को संबोधित करते हुए नीरज कुमार ने "जय निशांत-तय निशांत" का नारा बुलंद किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार नीतीश कुमार ने बिहार को एक नई दिशा दी है, उसी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए निशांत कुमार अब सक्रिय राजनीति के मैदान में उतर रहे हैं। प्रवक्ता ने स्थानीय जनता और मीडिया से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि निशांत कुमार की अगुवाई में बिहार को एक पूर्ण विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
गांधी के साथ नीतीश की कर्मभूमि है चंपारण : नीरज कुमार
नीरज कुमार ने जोर देकर कहा कि "विरासत दमदार है, तो भविष्य भी दमदार होगा।" उन्होंने बिहार सरकार के मूल मंत्र 'ट्रिपल सी' (Crime, Corruption and Communalism) का उल्लेख करते हुए स्पष्ट किया कि सरकार अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगी। उन्होंने चम्पारण की ऐतिहासिक धरती को गांधी और नीतीश कुमार की कर्मभूमि बताते हुए इसे बदलाव का केंद्र बताया।
उन्होंने कहा कि यह सद्भाव यात्रा बिहार सरकार के 'सात निश्चय' की मजबूत बुनियाद पर आधारित होगी। यात्रा के माध्यम से निशांत कुमार प्रदेश में सामाजिक समरसता और विकास के एजेंडे को जन-जन तक पहुंचाएंगे। जदयू का मानना है कि यह यात्रा राज्य की भावी राजनीति के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी और युवाओं में नया जोश भरेगी।
इस महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता के दौरान वाल्मीकिनगर के जदयू सांसद समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने एक सुर में निशांत कुमार के नेतृत्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई और आगामी सद्भाव यात्रा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
आशिष कुमार की रिपोर्ट