Bihar Politics: पश्चिम बंगाल को बनाना है 'सोनार बंगाल' सम्राट चौधरी का बड़ा बयान, घुसपैठियों का खैर नहीं
Bihar Politics: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। बीजेपी ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को स्टार प्रचारक बनाकर मैदान में उतारा है।
Bihar Politics: बिहार में राजनीतिक हलचल तेज है। सीएम नीतीश के राज्यसभा जाने और नए मुख्यमंत्री के चुनाव को लेकर जहां चर्चा तेज है तो वहीं दूसरी ओर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा का दावा है कि इस बार पश्चिम बंगाल में उनकी ही सरकार बनेगी। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को स्टार प्रचारक के रूप में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
बंगाल को बनाना है सोनार बंगाल
सम्राट चौधरी आज पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने बंगाल चुनाव को लेकर कहा कि बीजेपी का लक्ष्य पश्चिम बंगाल को “सोनार बंगाल” बनाना है। उन्होंने कहा कि राज्य में लोकतंत्र को मजबूत करना, घुसपैठियों को बाहर करना और बंगाली अस्मिता को पुनः स्थापित करना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे आजादी की लड़ाई में बंगाल के लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, वैसे ही अब राज्य में बदलाव के लिए जनता तैयार है।
बिहारी मतदाताओं पर खास फोकस
बीजेपी की रणनीति के तहत सम्राट चौधरी को उन इलाकों में प्रचार के लिए उतारा गया है, जहां बिहार मूल के मतदाताओं की संख्या अधिक है। पार्टी का मानना है कि उनकी पृष्ठभूमि और पहचान बिहारियों के बीच मजबूत जुड़ाव स्थापित कर सकती है। सम्राट चौधरी मंगलवार को हावड़ा में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। हावड़ा को बिहारियों का प्रमुख गढ़ माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में मजदूर, व्यापारी और कामगार वर्ग के लोग रहते हैं।
तीन बिहार नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी
बीजेपी द्वारा जारी स्टार प्रचारकों की सूची में बिहार से तीन प्रमुख नेताओं सम्राट चौधरी, नितिन नवीन और मंगल पांडे को शामिल किया गया है। इनमें सम्राट चौधरी को प्रमुख चेहरों में गिना जा रहा है, जो पार्टी में उनकी बढ़ती राजनीतिक अहमियत को दर्शाता है। पार्टी का मानना है कि इस रणनीति से चुनावी समीकरणों पर सकारात्मक असर पड़ेगा और राज्य में संगठन को मजबूती मिलेगी।