सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार का फोर्ब्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज, पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने किया सम्मानित

वैश्विक पटल पर अपनी कला का परचम लहराने वाले अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट (रेत कलाकार) बिहार के लाल मधुरेंद्र कुमार को पूर्व सीएम और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर बधाई दी है....

सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र को पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने किया सम्मानित- फोटो : रजनीश

Patna : बिहार की माटी से निकलकर वैश्विक पटल पर अपनी कला का परचम लहराने वाले अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट (रेत कलाकार) मधुरेंद्र कुमार ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की है। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक जागरूकता अभियानों को अपनी अद्भुत रेतकला के जरिए जन-जन तक पहुंचाने वाले मधुरेंद्र कुमार का नाम 'फोर्ब्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' में दर्ज किया गया है।


पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर दी बधाई

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पटना स्थित 7, सर्कुलर रोड आवास पर आयोजित एक विशेष समारोह में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, जद (यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने मधुरेंद्र कुमार को स्मृति चिन्ह, मेडल और वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि मधुरेंद्र बिहार के इकलौते ऐसे अंतरराष्ट्रीय रेत कलाकार हैं, जिनकी कला मुख्य रूप से सरकारी नीतियों के प्रति लोगों को जागरूक करने पर केंद्रित रहती है।


2005 से 2026 तक की सीएम यात्राओं और योजनाओं पर 100 से अधिक रेत आकृतियां बनाकर बनाया विश्व रिकॉर्ड

फोर्ब्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अंतरराष्ट्रीय सचिव टॉम वाशिंगटन के अनुसार, मधुरेंद्र ने साल 2005 से 2026 के बीच पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा निकाली गई 16 राजनीतिक और प्रशासनिक यात्राओं (जैसे न्याय यात्रा, निश्चय यात्रा, समाधान यात्रा, प्रगति यात्रा और समृद्धि यात्रा) पर आधारित 100 से अधिक रेत कलाकृतियां बनाई हैं। बिहार के सभी 38 जिलों में जिला प्रशासन के सौजन्य से इन जटिल एवं विशालकाय बालू आकृतियों का प्रदर्शन कर समाज को जागरूक करने के इसी असाधारण प्रयास के लिए उन्हें प्रमाणपत्र संख्या FBWR00239 प्रदान किया गया है।


12 से अधिक वर्ल्ड रिकॉर्ड और 50 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके हैं मधुरेंद्र

उल्लेखनीय है कि विश्वविख्यात सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार अब तक 12 से अधिक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। वे 5000 से अधिक सैंड व ऐश स्कल्पचर, 4000 ठोस मूर्तियां, हजारों लीफ आर्ट और रीसाइक्लिंग आधारित नशामुक्ति व स्वच्छता की कलाकृतियां बना चुके हैं। उन्हें 100 से अधिक राष्ट्रीय पुरस्कार, 50 अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिले हैं और हाल ही में अमेरिका की इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी (AIU) द्वारा उन्हें 'मानद डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी इन सैंड आर्ट' की उपाधि से भी नवाजा गया है।


जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झामंत्री श्रवण कुमार और एमएलसी ललन सर्राफ ने दी शुभकामनाएं

इस अवसर पर मौजूद जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा, बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार और बिहार विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ ने मधुरेंद्र की इस सफलता को पूरे बिहार के लिए अत्यंत गर्व की बात बताते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


रजनीश की रिपोर्ट