Bihar Politics: अनंत सिंह को पटना लिखना भी आता नहीं ... BJP प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का तीखा तंज, स्नातक चुनाव में छिड़ा जुबानी संग्राम
Bihar Politics: बिहार में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर एनडीए के भीतर सियासी घमासान तेज होता दिख रहा है।...
Bihar Politics: बिहार में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर एनडीए के भीतर सियासी घमासान तेज होता दिख रहा है। भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मोकामा में विधायक अनंत सिंह पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को पढ़े-लिखे लोगों का चुनाव बताते हुए अनंत सिंह की शैक्षणिक योग्यता पर तंज कसा। संजय सरावगी के इस बयान से बिहार की सियासत में जुबानी जंग और तेज होने के आसार हैं।मोकामा में भाजपा नेता ललन सिंह की माता के श्राद्ध कार्यक्रम में पहुंचे संजय सरावगी ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थन में अपनी बात रखी। उन्होंने एनडीए की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि विधान परिषद की सभी आठ सीटों पर गठबंधन के प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे।
‘यह पढ़े-लिखे लोगों का चुनाव है’, अनंत सिंह पर कसा तंज
संजय सरावगी ने अनंत सिंह पर निशाना साधते हुए उनकी शैक्षणिक योग्यता को लेकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि यह पढ़े-लिखे लोगों का चुनाव है। सरावगी ने तंज कसते हुए कहा कि अनंत सिंह केवल साक्षर हैं, वे दस्तखत तो कर सकते हैं, लेकिन पटना लिखना नहीं जानते।
उनका यह बयान ऐसे वक्त आया है, जब पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है। सरावगी ने अनंत सिंह की ओर से नीरज कुमार के खिलाफ की जा रही टिप्पणियों और चुनावी गतिविधियों के बीच यह हमला बोला।
नीरज कुमार के खिलाफ अनंत सिंह का रुख, एनडीए में बढ़ी हलचल
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में एनडीए की ओर से जदयू के नीरज कुमार चुनाव मैदान में हैं। वहीं, अनंत सिंह जनसुराज के प्रत्याशी अनुज कुमार का समर्थन कर रहे हैं। ऐसे में इस चुनाव को लेकर राजनीतिक समीकरण दिलचस्प हो गए हैं।नीरज कुमार के समर्थ में उतरे संजय सरावगी ने साफ संकेत दिया कि भाजपा और एनडीए इस चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय हैं। अनंत सिंह की ओर से लगातार दी जा रही चुनौतियों को खारिज करते हुए उन्होंने दावा किया कि चुनाव में एनडीए प्रत्याशियों को कोई कड़ी टक्कर नहीं दे पाएगा।
आठों सीटों पर एनडीए की जीत का दावा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सिर्फ पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र ही नहीं, बल्कि विधान परिषद की सभी आठ सीटों पर एनडीए की बड़ी जीत का भरोसा जताया। उनके मुताबिक, गठबंधन के प्रत्याशी मजबूती से चुनाव लड़ रहे हैं और उन्हें व्यापक समर्थन मिल रहा है।सरावगी के इस दावे को चुनावी मुकाबले के बीच एनडीए कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा सकता है। हालांकि, चुनाव का वास्तविक नतीजा मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगा।
मोकामा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत
मोकामा पहुंचने पर संजय सरावगी का भाजपा के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। जगह-जगह फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया गया और पार्टी के समर्थन में नारे लगाए गए। इस दौरान नीरज कुमार की जीत के समर्थन में भी कार्यकर्ताओं ने आवाज बुलंद की।
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव अब केवल प्रत्याशियों के बीच मुकाबले तक सीमित नहीं दिख रहा, बल्कि इसने एनडीए की एकजुटता और अनंत सिंह के राजनीतिक रुख को लेकर भी बहस तेज कर दी है। संजय सरावगी के तीखे बयान ने इस सियासी मुकाबले को और चर्चा में ला दिया है।
रिपोर्ट-प्रियदर्शन शर्मा