Bihar News : बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की शिष्टाचार मुलाकात, विकास संबंधित मुद्दों पर हुई चर्चा

Bihar News : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से औपचारिक मुलाकात की।

पुष्कर सिंह धामी से मिले संतोष सुमन - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से औपचारिक मुलाकात की। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच कई महत्वपूर्ण समसामयिक मुद्दों और दोनों राज्यों के विकास से जुड़े विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिहार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन का आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री धामी ने उन्हें पारंपरिक शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक स्मृति पौधा भी भेंट किया। बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने राज्यों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और अंतरराज्यीय विकास की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। डॉ. संतोष कुमार सुमन ने इस गर्मजोशी भरे स्वागत और सम्मान के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

इस मुलाकात को दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक और प्रशासनिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। बातचीत के दौरान बिहार और उत्तराखंड के बीच सामाजिक व सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक सशक्त बनाने पर भी जोर दिया गया।

लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने इस बैठक की जानकारी साझा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ हुई यह मुलाकात बेहद सुखद और सकारात्मक रही। इसमें दोनों राज्यों के हित और जनविकास से जुड़े कई पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई है।