Bihar News : जहानाबाद में आयोजित महाविद्यालय शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए मंत्री डॉ संतोष सुमन, कहा 211 प्रखंडों में पहली बार उच्च शिक्षा का दीप जला रही एनडीए सरकार
Bihar News : मंत्री संतोष सुमन ने कहा की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में 211 प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेजों की शुरुआत की गई है। यह कदम उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नया और ऐतिहासिक अध्याय लिखेगा.....पढ़िए आगे
PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन आज जहानाबाद जिले के राजकीय डिग्री महाविद्यालय, मखदुमपुर में आयोजित महाविद्यालय शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार ने राज्य के 211 ऐसे प्रखंडों, जहाँ आज तक एक भी डिग्री महाविद्यालय नहीं था, वहाँ नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का शुभारंभ कर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक अध्याय की शुरुआत की है। यह केवल नए भवनों का निर्माण नहीं, बल्कि बिहार के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने तथा शिक्षा के अधिकार को गाँव-गाँव तक पहुँचाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की सबसे सशक्त आधारशिला होती है और एनडीए सरकार इस दिशा में ऐतिहासिक कार्य कर रही है।
डॉ. सुमन ने कहा कि वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं, विशेषकर बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज़ के शहरों का रुख करना पड़ता था। अब 211 प्रखंडों में महाविद्यालयों की शुरुआत होने से लाखों विद्यार्थियों को अपने घर के निकट ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, सड़क और आधारभूत संरचना सहित सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य कर रही है। शिक्षा में किया गया निवेश किसी भी राज्य के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी होता है और यही विकसित बिहार की मजबूत नींव है।
डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल महाविद्यालय खोलना नहीं, बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, आधुनिक संसाधनों, डिजिटल सुविधाओं और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण से सुसज्जित करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये नए महाविद्यालय बिहार के लाखों युवाओं के भविष्य को नई दिशा देंगे तथा राज्य को ज्ञान, कौशल और मानव संसाधन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएंगे।
उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से इन संस्थानों को उत्कृष्ट शिक्षा केंद्र बनाने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि "शिक्षित बिहार ही विकसित बिहार की सबसे मजबूत नींव है और 211 प्रखंडों तक उच्च शिक्षा पहुँचाना सामाजिक न्याय एवं समावेशी विकास की दिशा में एनडीए सरकार का ऐतिहासिक निर्णय है।"