Bihar News : बांकीपुर उपचुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज, मंत्री संतोष सुमन ने प्रशांत किशोर की राजनीति को बताया केजरीवाल का नया संस्करण
Bihar News : मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने प्रशांत किशोर की तुलना दिल्ली के पूर्व सीएम से करते हुए कहा कि उनकी राजनीति अरविंद केजरीवाल की शुरुआती राजनीतिक शैली के एक नए संस्करण जैसी दिखाई देती है।
PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव राजनीतिक प्रयोग और जनविश्वास के बीच का चुनाव है। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर बड़े राजनीतिक दावे कर रहे हैं, लेकिन उन्हें विश्वास है कि बांकीपुर की जनता चुनाव परिणाम के माध्यम से उन दावों की वास्तविक परीक्षा लेगी।
डॉ. सुमन ने कहा कि प्रशांत किशोर विचारों की राजनीति नहीं करते, बल्कि समय-समय पर नए मुद्दे उठाकर राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास करते हैं। विचारों की राजनीति पीढ़ियों तक समाज का मार्गदर्शन करती है, जबकि केवल मुद्दों पर आधारित राजनीति की प्रासंगिकता मुद्दों के साथ ही समाप्त हो जाती है।
उन्होंने कहा कि उनकी दृष्टि में प्रशांत किशोर की राजनीति अरविंद केजरीवाल की राजनीतिक शैली के एक नए संस्करण जैसी प्रतीत होती है। आज बिहार की जनता केवल प्रचार, छवि निर्माण और चुनावी प्रबंधन से प्रभावित होने वाली नहीं है। बांकीपुर का मतदाता जागरूक है और वह वर्षों की जनसेवा, संगठन, विश्वसनीयता तथा विकास के आधार पर अपना निर्णय देता है।
डॉ. सुमन ने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव प्रशांत किशोर की चुनावी राजनीति की पहली बड़ी परीक्षा है। उन्हें पूरा विश्वास है कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रत्याशी को जनता का व्यापक समर्थन मिलेगा और परिणाम यह संदेश देगा कि बिहार में विकास, सुशासन और जनविश्वास की राजनीति को ही जनता का समर्थन प्राप्त है।