Bihar News : वंशवादी राजनीति और महिला सम्मान पर पूर्व मंत्री संतोष सुमन ने उठाए सवाल, कहा- महिला अपमान और शोषण से भरा है विपक्ष का इतिहास

PATNA : राष्ट्रीय अध्यक्ष, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) एवं पूर्व मंत्री, बिहार सरकार डॉ. संतोष कुमार सुमन ने विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि महिला सम्मान की दुहाई देने वाले दलों का इतिहास महिलाओं के अपमान, अन्याय और शोषण से भरा पड़ा है।

उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव का परिवार हो या गांधी परिवार, इन राजनीतिक घरानों में भी महिलाओं के सम्मान को लेकर कई बार गंभीर सवाल उठे हैं।

डॉ. सुमन ने कहा कि मायावती के साथ हुआ कुख्यात गेस्ट हाउस कांड समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों पर लगे आरोपों का जीता-जागता उदाहरण है, जिसने देश की राजनीति को शर्मसार किया। उन्होंने आगे कहा कि ममता बनर्जी के साथ भी पूर्ववर्ती वामपंथी शासन के दौरान हुई हिंसक घटनाएं यह साबित करती हैं कि राजनीतिक विरोध के नाम पर महिलाओं के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया।

डॉ. सुमन ने कहा कि शाह बानो प्रकरण इस बात का सबसे बड़ा उदाहरण है कि कैसे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के लिए एक महिला के न्याय को कुचल दिया। उन्होंने कहा कि दशकों तक मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक जैसी कुप्रथा का दंश झेलना पड़ा, लेकिन विपक्षी दल चुप्पी साधे रहे। यह नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ही थी जिसने इस कुप्रथा को समाप्त कर मुस्लिम महिलाओं को न्याय और सम्मान दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया।