नीतीश की समृद्धि यात्रा के पांचवें चरण का शेड्यूल जारी, 26 मार्च को पटना में समापन, राज्यसभा जाने के पहले इन जिलों का दौरा
Nitish Kumar : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बहुचर्चित ‘समृद्धि यात्रा’ के पांचवें चरण का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इस चरण की शुरुआत 23 मार्च को जहानाबाद और अरवल से होगी। इसके बाद 24 मार्च को यात्रा कैमूर और रोहतास पहुंचेगी। 25 मार्च को मुख्यमंत्री भोजपुर और बक्सर का दौरा करेंगे, जबकि 26 मार्च को राजधानी पटना में इस चरण का समापन होगा।
समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री संबंधित जिलों में चल रही विकासात्मक और कल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा करते हैं। वे अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की प्रगति का आकलन करते हैं और आवश्यक दिशा-निर्देश भी देते हैं। इसके साथ ही ‘जन संवाद’ कार्यक्रम के माध्यम से आम लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुनते हैं और मौके पर समाधान के निर्देश देते हैं। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न जिलों को करोड़ों रुपये की नई परियोजनाओं की सौगात भी देते रहे हैं, जिससे विकास को गति मिल रही है।
राजनीतिक दृष्टिकोण से यह यात्रा बेहद अहम मानी जा रही है। चर्चा है कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जाने की तैयारी में हैं। ऐसे में इसे उनके कार्यकाल की अंतिम समृद्धि यात्रा के रूप में भी देखा जा रहा है। इस वजह से यह दौरा प्रशासनिक के साथ-साथ राजनीतिक रूप से भी काफी महत्वपूर्ण बन गया है।
रंजन की रिपोर्ट