Bihar News : मां ब्लड सेंटर में सेवा सम्मान समारोह, कायरोप्रैक्टर डॉ. सुरेन्द्र कुमार सम्मानित, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सौंपा पुरस्कार
Bihar News :माँ ब्लड सेंटर में आयोजित सेवा सम्मान समारोह में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए कायरोप्रैक्टर डॉ. सुरेन्द्र कुमार को सम्मानित किया.....पढ़िए आगे
PATNA : राजधानी पटना स्थित मां ब्लड सेंटर में आयोजित 'सेवा सम्मान समारोह' के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय व उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रसिद्ध कायरोप्रैक्टर डॉ. सुरेन्द्र कुमार को विशेष रूप से सम्मानित किया गया. बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने समारोह के दौरान डॉ. सुरेन्द्र को प्रशस्ति पत्र और सम्मान चिन्ह भेंट कर उनके सामाजिक व चिकित्सीय कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की.
'मरीजों का विश्वास और मुस्कान ही मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि'
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. सुरेन्द्र कुमार ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए महज एक पुरस्कार नहीं, बल्कि मरीजों के दर्द को समझकर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य एवं पेन मैनेजमेंट (Pain Management) की दिशा में निरंतर सेवा देने की उनकी प्रतिबद्धता का सम्मान है. उन्होंने कहा कि हर मरीज का विश्वास, उसकी मुस्कान और दर्द से राहत की यात्रा ही उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी उपलब्धि है.
गुणवत्तापूर्ण पेन मैनेजमेंट की सुविधा देने का संकल्प
डॉ. सुरेन्द्र कुमार ने आगे कहा कि उनका सदैव यह प्रयास रहता है कि आम लोगों और मरीजों को अत्याधुनिक, बेहतर तथा गुणवत्तापूर्ण पेन मैनेजमेंट (दर्द प्रबंधन) की सुविधाएं आसानी से उपलब्ध कराई जा सकें. कायरोप्रैक्टिक तकनीक के माध्यम से बिना किसी जटिलता के मरीजों को असाध्य शारीरिक दर्द से राहत पहुंचाना ही उनके जीवन का मुख्य उद्देश्य है.
सहकारिता और खनन मंत्री समेत कई दिग्गज रहे मौजूद
इस गरिमामयी 'सेवा सम्मान समारोह' में बिहार सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे. कार्यक्रम में बिहार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, खनन, मत्स्य एवं कला संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद चन्द्रवंशी तथा बिहार विधान परिषद के सदस्य अरविंद शर्मा ने विशेष रूप से शिरकत की और सम्मानित होने वाले चिकित्सकों को बधाई दी.
मां ब्लड सेंटर के सामाजिक कार्यों की हुई सराहना
समारोह के दौरान वक्ताओं ने मां ब्लड सेंटर द्वारा स्वास्थ्य एवं समाज सेवा के क्षेत्र में चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की जमकर प्रशंसा की. कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने कहा कि इस तरह के सम्मान समारोह से चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े उन डॉक्टरों और समाजशास्त्रियों का उत्साहवर्धन होता है, जो दिन-रात निःस्वार्थ भाव से जनता की सेवा में समर्पित रहते हैं.