पटना में बड़ा हादसा, सोमवारी स्नान में 7 किशोरियां डूबीं, 3 को बचाया, 2 के मिले शव,2 लापता, लोगों ने NH-31 किया जाम

Bihar River Accident: गंगा स्नान के दौरान 7 किशोरियों के डूबने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।....

पटना में बड़ा हादसा- फोटो : reporter

Bihar River Accident: बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र स्थित रानीसराय जहाज गंगा घाट पर सोमवारी के दिन दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा स्नान के दौरान 7 किशोरियों के डूबने की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीन किशोरियों को बचा लिया, जबकि तेज धार में बह गईं चार किशोरियों की तलाश लगातार जारी है। ग्रामीणों के मुताबिक, सोमवारी को लेकर रानीसराय की सात किशोरियां गंगा घाट पर स्नान करने पहुंची थीं। सभी नदी में स्नान कर रही थीं, तभी अचानक दो सगी बहनें गंगा की तेज धार की चपेट में आ गईं और बहने लगीं। दोनों को डूबता देखकर बाकी लड़कियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की। इसी दौरान दो और किशोरियां भी तेज बहाव में खिंच गईं।

घटना के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीण तुरंत नदी में उतर गए और अपने स्तर से रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद तीन किशोरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि चार किशोरियां तेज धारा में बह गईं, जिनका अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।घटना की खबर फैलते ही घाट पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में तनाव व गम का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण प्रशासन से तत्काल बड़े स्तर पर खोज अभियान चलाने की मांग कर रहे हैं। वहीं दो के शव मिल गए हैं जबकि दो का  अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने बख्तियारपुर-बाढ़ NH-31 को जाम कर दिया। सड़क पर लोगों के जुटने से यातायात प्रभावित हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि गंगा घाट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण इस तरह के हादसे का खतरा बना रहता है।फिलहाल चारों लापता किशोरियों की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों के साथ प्रशासन और पुलिस की टीमों द्वारा खोजबीन किए जाने की सूचना है। गंगा की तेज धार और लगातार बढ़ते पानी के बीच रेस्क्यू टीम के सामने चुनौती भी बढ़ गई है।

सोमवारी के पावन मौके पर पूजा और स्नान के लिए गंगा घाट पहुंची किशोरियों के साथ हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। परिवारों की निगाहें अब नदी की ओर टिकी हैं और हर कोई लापता किशोरियों के सुरक्षित मिलने की दुआ कर रहा है।

रिपोर्ट- रविशंकर