गंगा-जमुनी तहजीब के अनुकूल नहीं है ओवैसी की जुबान, AIMIM प्रमुख पर बरसे वरिष्ठ कांग्रेस नेता शकील अहमद खान

शकील अहमद खान ने बिहार, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए ओवैसी की चुनावी राजनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी की राजनीति में भावनात्मक नारों और भीड़ जुटाने पर ज्यादा जोर दिया जाता है।

शकील अहमद खान - फोटो : news4nation

Bihar News : AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के बीच उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर हुए नए गठबंधन के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के गठन को लेकर कांग्रेस ने इस गठबंधन पर हमला बोला है।


कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शकील अहमद खान ने असदुद्दीन ओवैसी की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब ओवैसी का गठबंधन नहीं होता है, तब उनकी राजनीति का नारा कुछ और होता है, लेकिन गठबंधन होते ही उनके राजनीतिक बयान और प्राथमिकताएं बदल जाती हैं। उन्होंने इसे हिपोक्रेसी करार देते हुए कहा कि ओवैसी की जुबान और उनके राजनीतिक मुहावरे देश की गंगा-जमुनी तहजीब के अनुकूल नहीं हैं।


शकील अहमद खान ने बिहार, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए ओवैसी की चुनावी राजनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिहार में पांच सीटें जीतने के बाद AIMIM के विधायकों की भूमिका और उनके क्षेत्रों में विकास के मुद्दों पर भी सवाल उठने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी की राजनीति में भावनात्मक नारों और भीड़ जुटाने पर ज्यादा जोर दिया जाता है।


कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा के खिलाफ कांग्रेस हमेशा लड़ती रहेगी। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद के साथ ओवैसी के नए गठबंधन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और आने वाले चुनाव में दोनों नेताओं को इसका राजनीतिक जवाब मिलेगा।


वहीं, शकील अहमद खान ने बिहार में राज्यसभा चुनाव के दौरान AIMIM की भूमिका पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने पैसे के बदले वोट देने का आरोप लगाते हुए AIMIM नेतृत्व से इस मामले पर जवाब देने की मांग की।

श्याम की रिपोर्ट