शांभवी चौधरी को चिराग पासवान ने दी बड़ी जिम्मेदारी, लोजपा -रा में इसकी बनी राष्ट्रीय अध्यक्ष

Shambhavi Chaudhary- फोटो : news4nation

Shambhavi Chaudhary : केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने समस्तीपुर से सांसद शाम्भवी चौधरी को अपनी पार्टी लोजपा (रा) में बड़ी जिम्मेदारी दी है. लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए शांभवी चौधरी को छात्र प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक की ओर से आधिकारिक पत्र जारी किया गया है।


जारी पत्र के मुताबिक, यह नियुक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के निर्देश पर की गई है। पत्र में शांभवी चौधरी की उत्कृष्ट शैक्षणिक योग्यता, प्रभावशाली वक्तृत्व कला, कर्मठता और सशक्त युवा नेतृत्व क्षमता का उल्लेख करते हुए उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त बताया गया है।


पार्टी ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में छात्र प्रकोष्ठ की गतिविधियों में नई ऊर्जा और गति आएगी। साथ ही, वे पार्टी की नीतियों और विचारधारा के अनुरूप छात्रों को संगठित कर शैक्षणिक संस्थानों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करेंगी।


एलजेपी (रामविलास) ने यह भी विश्वास व्यक्त किया है कि शांभवी चौधरी संगठन को मजबूती और विस्तार देने में अहम भूमिका निभाएंगी और छात्र हितों की रक्षा व उत्थान के लिए लगातार कार्य करती रहेंगी। पार्टी की ओर से उनके उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं भी दी गई हैं।