Bihar Politics: तेजस्वी के कानून-व्यवस्था वाले बयान पर श्याम रजक का तीखा हमला, बोले- ज्यादा दिक्कत है तो आवास के बाहर वोट लगा दें, सुरक्षाकर्मी सरकार को लौटा दें

Bihar Politics: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सुरक्षा संबंधी सवालों पर पूर्व मंत्री और जेडीयू विधायक श्याम रजक ने जोरदार पलटवार किया है।...

तेजस्वी पर श्याम रजक का तीखा तंज- फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सुरक्षा संबंधी सवालों पर पूर्व मंत्री और जेडीयू विधायक श्याम रजक ने जोरदार पलटवार किया है। उन्होंने तेजस्वी यादव के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उन्हें सुरक्षा व्यवस्था को लेकर इतनी ही परेशानी है तो अपने आवास के बाहर वोट (विरोध का निशान) लगा दें और सरकार को अपने सभी सुरक्षाकर्मी वापस कर दें। इसके बाद उन्हें समझ में आएगा कि सुरक्षा की वास्तविक स्थिति क्या होती है।

तेजस्वी पर श्याम रजक का तीखा तंज

तेजस्वी यादव के इस सवाल पर कि क्या मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लोगों को अपनी सुरक्षा खुद करने के लिए छोड़ देना चाहते हैं, श्याम रजक ने तल्ख अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को पहले यह भी बताना चाहिए कि वह रात में सोते हैं या नहीं सोते हैं। उनकी सुरक्षा और दिनचर्या को लेकर भी जानकारी ली जानी चाहिए।श्याम रजक ने तंज भरे लहजे में कहा कि अगर तेजस्वी यादव को सरकार की सुरक्षा व्यवस्था से इतनी दिक्कत है तो उन्हें अपने आवास के बाहर विरोध का निशान लगा देना चाहिए। साथ ही अपने सभी सुरक्षाकर्मियों को सरकार के पास वापस भेज देना चाहिए। तब उन्हें सुरक्षा व्यवस्था की अहमियत और उसकी वास्तविकता का एहसास होगा।

द्वितीय अनुपूरक बजट पर विपक्ष को घेरा

बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में द्वितीय अनुपूरक बजट पेश किए जाने को लेकर भी श्याम रजक ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि सरकार में बजट आना सामान्य प्रक्रिया है। अलग-अलग विभागों को उनकी जरूरत और कार्यों के हिसाब से धनराशि आवंटित की जाती है। ऐसे में अनुपूरक बजट को लेकर सवाल उठाना बेवजह है। विपक्ष की ओर से सरकारी खजाना खाली करने या धन के दुरुपयोग के आरोपों पर उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष को लगता है कि सरकार ने खजाने का दुरुपयोग किया है तो उसे इसका ठोस सबूत सदन में पेश करना चाहिए। केवल आरोप लगाने से कुछ साबित नहीं होता।

विपक्षी नेताओं की गैरमौजूदगी पर भी साधा निशाना

श्याम रजक ने विपक्षी नेताओं की सदन में उपस्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता सदन की कार्यवाही में नियमित रूप से शामिल नहीं होते और विदेश चले जाते हैं। ऐसे में सरकार के कामकाज और बजट पर सवाल उठाने से पहले विपक्ष को अपनी जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।उनके इस बयान के बाद बिहार की सियासत में कानून-व्यवस्था, मुख्यमंत्री की जवाबदेही और अनुपूरक बजट को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।

रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह