Bihar Crime - किडनैपिंग' का ड्रामा निकला फेक, बवाल और स्कूल में तोड़-फोड़ के बाद घर से मिला छात्र, सिवान एसपी की उपद्रवियों को चेतावनी
सिवान के हुसैनगंज में एक छात्र के अपहरण की झूठी अफवाह के बाद छात्रों ने स्कूल में तोड़-फोड़ की। पुलिस ने छात्र को घर से बरामद कर लिया है और अब उपद्रवियों पर कार्रवाई की जा रही है।
Siwan - : हुसैनगंज थाना क्षेत्र के एम.एस. हाई स्कूल में बुधवार को मैट्रिक परीक्षा देने आए एक छात्र के अपहरण की झूठी अफवाह ने भारी हंगामा खड़ा कर दिया। अफवाह के बाद उग्र हुए कुछ छात्रों ने न केवल स्कूल परिसर में तोड़-फोड़ की, बल्कि सड़क पर चल रहे राहगीरों की गाड़ियों को भी निशाना बनाया।
अफवाह निकली झूठी, घर से मिला छात्र
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-01) और हुसैनगंज थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने जब मामले की गहराई से जाँच की, तो कथित रूप से अपहृत छात्र सिवान के जी.बी. नगर स्थित अपने घर पर सकुशल पाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपहरण की खबर पूरी तरह निराधार और भ्रामक थी। वर्तमान में पुलिस हंगामा और तोड़-फोड़ करने वाले तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कर रही है।
होली को लेकर सिवान पुलिस अलर्ट
आगामी होली पर्व को देखते हुए सिवान के पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा ने सुरक्षा के कड़े इंतजामों का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि सभी थानों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। शांति और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है।
शराब माफियाओं पर शिकंजा और पुलिस की अपील
होली के मद्देनजर अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है और भारी मात्रा में शराब जब्त की गई है। एसपी ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के कोई भी भ्रामक सूचना साझा न करें। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि अफवाह फैलाने वालों और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
रिपोर्ट - ताबिश इरशाद