Bihar News : बिहार में STET 2026 की घोषणा, इस दिन से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन, 14 अगस्त को जारी होगा विज्ञापन

Bihar News : बिहार बोर्ड के अध्यक्ष ने बताया कि समिति द्वारा माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET), 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रारम्भ करने की तिथि.......पढ़िए आगे

STET 2026 की घोषणा- फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने जानकारी दी है कि समिति द्वारा जल्द ही माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET), 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस राज्यस्तरीय परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 17 अगस्त 2026 से आधिकारिक रूप से शुरू कर दी जाएगी।

समिति के अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि STET 2026 के आयोजन का यह महत्वपूर्ण निर्णय शिक्षा विभाग, बिहार सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देशों के आलोक में लिया गया है। इस परीक्षा के माध्यम से राज्य के माध्यमिक (कक्षा 9-10) और उच्च माध्यमिक (कक्षा 11-12) स्कूलों में भावी शिक्षकों की पात्रता तय की जाएगी। शिक्षा विभाग की हरी झंडी मिलने के बाद परीक्षा बोर्ड ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

अभ्यर्थियों की जानकारी के लिए परीक्षा से जुड़ी विस्तृत नियमावली और योग्यता शर्तों का विवरण जल्द सार्वजनिक किया जाएगा। बोर्ड अध्यक्ष के अनुसार, STET 2026 के आयोजन से संबंधित नोटिफिकेशन का प्रकाशन 14 अगस्त 2026 तक राज्य के प्रमुख समाचार पत्रों और समिति की वेबसाइट पर कर दिया जाएगा। विज्ञप्ति जारी होने के बाद छात्र परीक्षा पैटर्न, विषयवार सीट और शुल्क से जुड़ी जानकारी देख सकेंगे।

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 17.08.2026 से शुरू होकर बोर्ड द्वारा निर्धारित अंतिम तिथि तक जारी रहेगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी नजर बनाए रखें और विज्ञप्ति जारी होते ही सभी आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेज दुरुस्त कर लें, ताकि आवेदन करते समय किसी प्रकार की तकनीकी या कागजी समस्या का सामना न करना पड़े। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा STET 2026 की समय-सारणी स्पष्ट कर दिए जाने से प्रदेश के लाखों युवाओं में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से शिक्षक पात्रता परीक्षा का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अब अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने और परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने का सुनहरा अवसर सामने आ गया है।