पटना के कस्तूरबा स्कूल में छात्रा से हैवानियत, गर्म दूध से झुलसाने के बाद जख्म पर छिड़का नमक

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, पंडारक में हैवानियत भरी एक घटना सामने आई है जब एक छात्रा के दूध से झुलसने पर उसके शरीर पर जख्म ठीक करने के लिए नमक रगड़ दिया गया.

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पंडारक- फोटो : news4nation

Bihar News : राजधानी पटना के पंडारक स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में एक मासूम छात्रा के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल की किचन मेड ने छठी कक्षा की छात्रा को धक्का दे दिया, जिससे उसके ऊपर खौलता दूध गिर गया और वह गंभीर रूप से झुलस गई। इतना ही नहीं, बच्ची के जले हुए हिस्से पर नमक और हल्दी भी लगा दी गई, जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई।


घटना मंगलवार की बताई जा रही है। पीड़ित छात्रा के अनुसार किचन मेड ने उसे चूल्हे पर रखे दूध का बर्तन लाने को कहा था। जब वह बर्तन उठाकर जा रही थी, तभी मेड ने पीछे से धक्का दे दिया। अचानक संतुलन बिगड़ने से गर्म दूध उसके चेहरे और गर्दन पर गिर गया। बच्ची दर्द से चीखने लगी, लेकिन आरोप है कि उसे तत्काल अस्पताल नहीं ले जाया गया।


परिजनों का कहना है कि घटना के करीब 24 घंटे बाद उन्हें इसकी जानकारी दी गई। जब परिवार के लोग स्कूल पहुंचे तो उन्हें बच्ची से मिलने तक नहीं दिया गया। बाद में परिजन खुद छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया है कि हॉस्टल में बच्चियों से बाथरूम साफ कराने, रोटी बेलवाने और अन्य घरेलू काम कराए जाते हैं। विरोध करने पर मारपीट भी की जाती है।


मामले में परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष नवनीत राय ने बताया कि आरोपी किचन मेड की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। वहीं घटना के बाद स्कूल प्रशासन की कार्यशैली और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।