Bihar News: सूरजभान सिंह जाएंगे जेल! मोकामा विधायक अनंत सिंह के समर्थक ने पूर्व सांसद सहित 8 पर दर्ज किया FIR, गमछे से गला घोंटने का आरोप

Bihar News: मोकामा विधायक अनंत सिंह के समर्थक सुबीर कुमार उर्फ शोभीर कुमार उर्फ सुमित पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके शरीर पर चोट के निशान और गले पर दबाव के निशान पाए जाने की बात कही गई ह

सूरजभान सिंह जाएंगे जेल?- फोटो : social media

Bihar News:  पूर्व सांसद सूरजभान सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। मोकामा विधायक अनंत सिंह के समर्थक ने सूरजभान सिंह सहित 8 लोगों पर एफआईआर दर्ज कराया है। दरअसल, पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत पंडारक में मोकामा विधायक अनंत सिंह के समर्थक पर हुए हमले के मामले में पूर्व सांसद सूरजभान सिंह समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने जख्मी के बयान के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला 

घटना 22 फरवरी की बताई जा रही है, जिसमें मोकामा विधायक अनंत सिंह के समर्थक सुबीर कुमार उर्फ शोभीर कुमार उर्फ सुमित पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके शरीर पर चोट के निशान और गले पर दबाव के निशान पाए जाने की बात कही गई है। पीड़ित ने हमले को राजनीतिक कारणों से प्रेरित बताया है।

क्या है आरोप?

पीड़ित ने पंडारक थाना में लिखित शिकायत देते हुए बताया कि 23 फरवरी 2026 की शाम करीब 7:15 बजे वह एनएच-31 स्थित पंडारक बाजार में अपनी दुकान के सामने खड़ा था। उसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और उसे घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने उसके साथ मारपीट की और गमछा डालकर गला दबाने की कोशिश की। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, तब जाकर उसकी जान बच सकी। पीड़ित ने अपनी मोटरसाइकिल तोड़ने का भी आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि वह अनंत सिंह का समर्थक है और इसी राजनीतिक कारण से उस पर हमला किया गया। घायल का आरोप है कि हमले के पीछे सूरजभान सिंह और कन्हैया सिंह की साजिश थी। हमलावरों ने गमछा से गला घोंटने की भी कोशिश की। बताया जा रहा है कि विवाद की जड़ विधानसभा चुनाव से जुड़ी रंजिश है। 

किन पर दर्ज हुई FIR?

पंडारक थाना में कांड संख्या 46/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में पूर्व सांसद सूरजभान सिंह का नाम शामिल है। इसके अलावा कन्हैया सिंह, माधव कुमार उर्फ खन्ना सिंह, श्याम बाबू, कुमुद कुमार, पप्पू, नंदोदर प्रसाद और भगवान बिहारी समेत कुल 8 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। इन पर भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास), मारपीट और आपराधिक साजिश सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस क्या कह रही है?

पंडारक थाना पुलिस के अनुसार, लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। गौरतलब है कि चर्चित मोकामा विधानसभा सीट पर हालिया चुनाव में अनंत सिंह ने सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी को करीब 28 हजार मतों से हराया था। उस समय अनंत सिंह जेल में बंद थे। फिलहाल वे दुलारचंद यादव हत्याकांड में न्यायिक हिरासत में हैं।