नीतीश कुमार ने विधान सभा में की अनोखी पहल... ख़ुशी में मंत्री अशोक चौधरी ने जोर लिए हाथ, जानिए क्या हुआ खास

CM Nitish congratulated Ashok Choudhary
CM Nitish congratulated Ashok Choudhary- फोटो : news4nation

Nitish Kumar :  बिहार विधानसभा में बुधवार को उस समय हल्का-फुल्का और आत्मीय माहौल बन गया, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सदन के भीतर मंत्री अशोक चौधरी को उनके जन्मदिन की बधाई दिलवाई। दरअसल, प्रश्नकाल के दौरान अशोक चौधरी एक सवाल का जवाब दे रहे थे। जवाब के बाद अचानक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी सीट से खड़े हुए और सदन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि आज मंत्री अशोक चौधरी का जन्मदिन है और उन्हें बधाई दी जानी चाहिए। मुख्यमंत्री की इस पहल के बाद सदन में मौजूद सदस्यों के बीच सकारात्मक माहौल बन गया।


मुख्यमंत्री के आग्रह पर विधानसभा अध्यक्ष ने भी अशोक चौधरी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई सदस्यों ने भी मेज थपथपाकर और मौखिक रूप से उन्हें बधाई दी। सदन में कुछ क्षणों के लिए औपचारिक कार्यवाही से हटकर सौहार्द और आपसी सम्मान का दृश्य देखने को मिला। 


बधाइयों के बीच मंत्री अशोक चौधरी अपनी सीट पर खड़े हुए और हाथ जोड़कर सदन के सभी सदस्यों का अभिवादन किया। उन्होंने मुस्कराते हुए सभी का धन्यवाद स्वीकार किया। यह दृश्य विधानसभा की कार्यवाही के दौरान दुर्लभ लेकिन यादगार पल के रूप में देखा गया।


राजनीतिक मतभेदों से इतर इस तरह के क्षणों को सदन की गरिमा और लोकतांत्रिक संस्कृति से जोड़कर देखा जा रहा है। सदन में तय कार्यक्रम के अनुसार इसके बाद कार्यवाही पुनः आगे बढ़ी और प्रश्नोत्तर काल जारी रहा। वहीं विधान परिषद आने के बाद वहां भी सदस्यों ने अशोक चौधरी को जन्मदिन की बधाई दी.