BMSICL के अधिकारी ने घर को बनाया था 'स्विस बैंक': 32 लाख नगद और हीरों का जखीरा बरामद, SVU के हत्थे चढ़ा भ्रष्टाचार का खिलाड़ी!
पटना में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक हुई है। विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMSICL) के उप महाप्रबंधक पंकज कुमार के ठिकानों पर धावा बोलकर काली कमाई के कुबेर का पर्दाफाश किय
Patna - : बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMSICL) के उप महाप्रबंधक पंकज कुमार के खिलाफ SVU ने आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कर पटना में उनके ठिकानों को खंगाल डाला है । छापेमारी के दौरान भ्रष्ट अधिकारी ने सबूत मिटाने के लिए करोड़ों की दौलत खिड़की से बाहर फेंकने की कोशिश की, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सब जब्त कर लिया ।
भ्रष्टाचार के 'पंकज' पर SVU का प्रहार
बिहार सरकार की विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाहियों में से एक को अंजाम दिया है । BMSICL के उप महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट) पंकज कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का कांड संख्या-10/2026 दर्ज किया गया है । शुरुआती जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि मात्र 13 साल की अल्प सेवावधि में ही इस अधिकारी ने वेतन से कहीं अधिक अकूत काली कमाई जमा कर ली थी ।
खिड़की से फेंके 32 लाख नगद और 1.31 करोड़ के जेवरात
छापेमारी के दौरान फिल्मी ड्रामा देखने को मिला । जैसे ही SVU की टीम पंकज कुमार के फ्लैट पर पहुँची, उन्होंने गिरफ्तारी और सबूतों के डर से 32 लाख रुपये नगद और 1 करोड़ 31 लाख रुपये मूल्य के हीरा, सोना और चांदी के जेवरात को बाहर फेंकने का प्रयास किया । हालाँकि, मुस्तैद टीम ने इस पूरी संपत्ति को मौके पर ही जप्त कर लिया, जिसे बाद में अभियुक्त ने अपनी संपत्ति होना स्वीकार किया है ।
पटना के पॉश इलाकों में फ्लैट्स की भरमार
तलाशी के दौरान आरोपी अधिकारी की अकूत अचल संपत्तियों के भी दस्तावेज मिले हैं:
- कंकड़बाग (पृथ्वीपुर) स्थित शिवम अपार्टमेंट में दो आलीशान फ्लैट (सं०-305 एवं 405) ।
- कदमकुआँ स्थित कोनिका मैहर अपार्टमेंट में फ्लैट संख्या-105 ।
- इसके अलावा सुमति पथ (महेन्दु) और PMCH स्थित उनके कार्यालय में भी सघन तलाशी ली गई ।
- जेवरात की 150 रसीदें और निवेश के कागजात
छापेमारी में मिली संपत्तियां प्राथमिकी में दर्ज अनुमान से कई गुना अधिक पाई गई हैं । टीम को सोने के आभूषणों की 150 से अधिक रसीदें मिली हैं, जो उनके कार्यकाल के दौरान खरीदी गई थीं । साथ ही विभिन्न वित्तीय संस्थानों में निवेश और बैंक खातों से जुड़े भारी दस्तावेज भी जप्त किए गए हैं, जिनका विश्लेषण किया जा रहा है ।
रिपोर्ट - अनिल कुमार