Tej Pratap Yadav: अनुष्का विवाद में नया धमाका! तेजप्रताप का दावा-लालू जी और मुझे मारने की हो रही है साजिश, आकाश यादव के खिलाफ दर्ज कराया शिकायत, अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव से की ये अपील

Tej Pratap Yadav: तेजप्रताप ने अपनी कथित गर्लफ्रेंड अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।

अनुष्का विवाद में नया धमाका! - फोटो : reporter

Tej Pratap Yadav: बिहार की सियासत में एक बार फिर सनसनीखेज आरोपों, जवाबी हमलों और कथित साज़िशों का तूफ़ान खड़ा हो गया है। लालू प्रसाद के बड़े लाल तेजप्रताप ने अपनी कथित गर्लफ्रेंड अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। शुक्रवार की देर रात पटना के सचिवालय थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए तेजप्रताप ने दावा किया कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है और उनके खिलाफ सुनियोजित तरीके से साज़िश रची जा रही है।

तेजप्रताप यादव ने आरोप लगाया कि आकाश यादव शुरू से उनकी सियासी और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करता रहा है। उन्होंने कहा कि उनके बीमार पितालालू प्रसाद यादव को भी इस कथित साज़िश का निशाना बनाया जा रहा है। तेजप्रताप का दावा है कि हाल ही में चार संदिग्ध लोग उनके आवास में घुस आए थे और उनकी नीयत हत्या जैसी वारदात को अंजाम देने की थी। उन्होंने इसे एक गहरी साज़िश करार देते हुए राज्य सरकार से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।इस पूरे विवाद ने तब नया मोड़ ले लिया जब तेजप्रताप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि आकाश यादव और उसके परिजन लगातार उनसे पैसों की मांग करते थे। उनके मुताबिक कभी पांच लाख तो कभी दस लाख रुपये तक दिए गए, लेकिन अब उन्हीं लोगों ने उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करा दिए हैं। उन्होंने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव से भी मुश्किल घड़ी में साथ खड़े होने की अपील की।

दूसरी ओर, आकाश यादव की ओर से दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि तेजप्रताप यादव ने उनकी बहन अनुष्का की बेटी उज्जैनी से मिलने के लिए जबरन घर में दाखिल होने की कोशिश की थी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि विरोध करने पर कथित तौर पर अपहरण और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।तेजप्रताप ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि आकाश यादव मीडिया की सुर्खियां बटोरकर अपनी राजनीतिक पहचान बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास कई अहम सबूत मौजूद हैं, जिन्हें वक्त आने पर सार्वजनिक किया जाएगा। साथ ही उन्होंने मानहानि का मुकदमा दायर करने की भी चेतावनी दी है।

सियासत, रिश्तों और आपराधिक आरोपों के इस पेचीदा संग्राम ने बिहार की राजनीतिक फिज़ा को गर्म कर दिया है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच, कानूनी कार्रवाई और आने वाले दिनों में सामने आने वाले नए खुलासों पर टिकी हैं।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार