Tej pratap Aishwarya Divorce Case: तेज प्रताप यादव और ऐश्वर्या में होगी सुलह! मध्यस्थता के लिए इन दिन फैमिली कोर्ट में होगा सामना, अनुष्का से रिश्ते का इनकार...

Tej pratap Aishwarya Divorce Case: तेजप्रताप यादव और ऐश्वर्या यादव के बीच सुलह होगी या दोनों का तलाक हो कर इसको लेकर एक बार फिर फैमिली कोर्ट में सुनवाई होगी। साथ ही दोनों के बीच मध्यस्थता की एक और कोशिश की जाएगी।

तलाक मामले में होगी सुनवाई - फोटो : News4nation

Tej pratap Aishwarya Divorce Case: राजद सुप्रीमो लालू यादव और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव इन दिनों अपने पारिवारिक जीवन को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तेज प्रताप यादव ने अनुष्का यादव से जुड़े अपने सभी रिश्तों से इनकार कर दिया। इसी बीच अब जानकारी सामने आ रही है कि तेज प्रताप यादव और ऐश्वर्या के बीच सुलह के लिए एक और कोशिश की जाएगी। जानकारी अनुसार पटना की फैमिली कोर्ट में 24 फरवरी को तेज प्रताप यादव और ऐश्वर्या राय के तलाक मामले में सुनवाई होनी है। 

तेज प्रताप ऐश्वर्या के तलाक मामले में सुनवाई 

फैमिली कोर्ट के प्रिंसिपल जज सुनील दत्त पांडेय के समक्ष दोनों पक्षों के बीच तीसरी बार मध्यस्थता का प्रयास किया जाएगा। अदालत ने दोनों पक्षों को आपसी सहमति से समाधान की दिशा में सहयोग करने का निर्देश दिया है। दरअसल, तलाक से जुड़ा यह मामला पहले फैमिली कोर्ट में चला, फिर पटना हाईकोर्ट तक पहुंचा और अब दोबारा फैमिली कोर्ट में विचाराधीन है। हाईकोर्ट पहले ही ऐश्वर्या की रिव्यू पिटीशन खारिज कर चुका है और कहा है कि वह मामले में हस्तक्षेप नहीं करेगा। अदालत ने फैमिली कोर्ट को निर्देश दिया था कि छह माह के भीतर मामले का निपटारा किया जाए, हालांकि तय समयसीमा बीत चुकी है।

पहले भी हो चुकी है मध्यस्थता

सुनवाई के दौरान जस्टिस अरुण कुमार झा ने स्पष्ट किया था कि हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 24 के तहत तलाक के मामलों का शीघ्र निपटारा अपेक्षित है। अब आगे की कार्रवाई फैमिली कोर्ट में ही होगी। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पहले भी दो बार मध्यस्थता की कोशिश हो चुकी है। एक बैठक पटना चिड़ियाघर में कोर्ट के निर्देश पर आयोजित हुई थी, जबकि दूसरी बैठक पटना के एक बड़े होटल में हुई, जिसमें लालू प्रसाद यादव भी मौजूद थे। हालांकि दोनों प्रयास बेनतीजा रहे। बताया जाता है कि तेज प्रताप तलाक चाहते हैं, जबकि ऐश्वर्या तलाक के पक्ष में नहीं हैं।

आरोप-प्रत्यारोप और कानूनी पेच

मामले में कई गंभीर आरोप भी सामने आए हैं। ऐश्वर्या ने अपनी सास राबड़ी देवी पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था। वहीं वरिष्ठ अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि पर्याप्त साक्ष्य नहीं हुए तो अदालत तलाक याचिका खारिज भी कर सकती है। कानूनी विशेषज्ञों के मुताबिक, यदि वैवाहिक संबंधों के बाहर संबंधों के आरोप साबित होते हैं तो यह मामला हिंदू मैरिज एक्ट के तहत अलग कानूनी आयाम ले सकता है।

गुजारा भत्ता और आवास विवाद

फैमिली कोर्ट पहले ऐश्वर्या को अंतरिम गुजारा भत्ता देने का आदेश दे चुका है। आवास को लेकर भी विवाद रहा है। तेज प्रताप की ओर से गोला रोड स्थित एक फ्लैट उपलब्ध कराया गया था, लेकिन ऐश्वर्या ने वहां रहने से इनकार कर दिया। उन्होंने एसके पुरी इलाके में सुविधायुक्त आवास और प्रति माह डेढ़ लाख रुपये भत्ता की मांग की है। गौरतलब है कि 12 मई 2018 को दोनों का विवाह हुआ था, लेकिन छह महीने बाद ही नवंबर 2018 में तलाक की अर्जी दाखिल कर दी गई थी। अब 24 फरवरी की सुनवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं कि क्या इस बार मध्यस्थता सफल होती है या कानूनी लड़ाई आगे बढ़ती है।

अनुष्का बनी माँ

इधर, तेजप्रताप यादव के साथ वायरल हुई मिस्ट्री गर्ल अनुष्का यादव के माँ बनने की खबर भी सामने आ रही है। अनुष्का यादव और तेज प्रताप यादव की तस्वीर मई 2025 में अचानक तेज प्रताप के सोशल साइट से वायरल हुई और पोस्ट में दावा किया गया कि वे अनुष्का यादव के साथ 12 सालों से रिलेशनशिप में हैं। जिसके बाद भारी बवाल मचा। लालू यादव ने तेज प्रताप यादव को घर और पार्टी से 6 सालों के लिए निष्कासित कर दिया। हालांकि तेज प्रताप यादव लगातार इसे अपने खिलाफ हुई साजिश करार देते आएं हैं। वहीं हाल ही में एक बार फिर अनुष्का यादव तेज प्रताप यादव सुर्खियों में हैं। इस बार वजह है अनुष्का यादव की बेटी, अनुष्का यादव ने बेटी को जन्म दिया है जिसका नाम उज्जैनी रखा गया है। भाई आकाश यादव ने इसकी जानकारी दी है। खबरों की मानें तो इस बच्ची के पिता तेज प्रताप यादव हैं तो वहीं खुद तेजप्रताप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा है कि उनका अनुष्का से कोई संबंध नहीं है और वो बच्ची भी उनकी नहीं है। अब ऐसे में देखना होगा कि इस बीच तेज प्रताप यादव और ऐश्वर्या के तलाक मामले में क्या फैसला सामने आता है। तेज प्रताप यादव की मुश्किलें और बढ़ती है या फिर उन्हें राहत मिलती है।