Tej Pratap Yadav theft case: ‘गवाही दी तो उठवा लेंगे’, तेज प्रताप चोरी केस में बड़ा खुलासा, ड्राइवर परिवार को मिली धमकी

Tej Pratap Yadav theft case: तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास में कथित चोरी मामले ने नया मोड़ ले लिया है। केस के गवाह ड्राइवर अनिल कुमार के परिवार ने धमकी मिलने का आरोप लगाया है और पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।

Tej Pratap Yadav theft case: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव  के सरकारी आवास में हुई कथित चोरी के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। इस केस के गवाह और तेज प्रताप के ड्राइवर अनिल कुमार के परिवार ने धमकी मिलने का आरोप लगाया है। इस संबंध में गर्दनीबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। अनिल कुमार की पत्नी रंजू देवी ने बताया कि घटना के समय उनके पति तेज प्रताप यादव के यहां गए हुए थे और वह घर पर अकेली थीं। इसी दौरान रात में चोरी के आरोपित मोतिलाल राय की पत्नी प्रीती भारती, उनकी साली कोमल और ससुर भूषण राय उनके घर पहुंचे। रंजू देवी ने बताया कि वह इन लोगों को जानती थीं, इसलिए उन्होंने उन्हें घर के अंदर बैठने के लिए कहा।

शिकायत के अनुसार, तीनों ने अनिल कुमार को केस में गवाही देने से रोकने का दबाव बनाया। रंजू देवी का आरोप है कि उनसे कहा गया कि अगर अनिल ने अदालत या पुलिस के सामने गवाही दी तो आकाश को बोलकर पूरे परिवार को उठवा लिया जाएगा। इस घटना के बाद अनिल कुमार ने भी पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि उन्हें और उनके परिवार को किसी भी समय नुकसान पहुंचाया जा सकता है। दूसरी तरफ, इस मामले में नामजद आरोपित और तेज प्रताप यादव के पूर्व निजी सहायक मोतिलाल राय की पत्नी ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपने पति की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि उनके पति कई दिनों से घर नहीं लौटे हैं और उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि उनके पति के साथ कोई अनहोनी हो सकती है।

तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास चोरी का मामला

पूरा मामला तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास में कथित चोरी से जुड़ा है। तेज प्रताप यादव ने सचिवालय थाने में FIR दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उनके आवास से करीब 20 लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोरी हुआ है। इस मामले में उन्होंने अपने पूर्व पीए मोतिलाल राय को मुख्य आरोपित बनाया है। तेज प्रताप यादव ने पुलिस को बताया था कि मोतीलाल राय को सामान लेकर भागते समय उनके ड्राइवर अनिल कुमार और एक अन्य सहयोगी ने देखा था।

गवाह के परिवार को धमकी मिलने का आरोप

अब इस मामले में एक तरफ गवाह के परिवार को धमकी मिलने का आरोप सामने आया है तो दूसरी तरफ आरोपित पक्ष भी सुरक्षा और अनहोनी की आशंका जता रहा है। इससे मामला और ज्यादा संवेदनशील हो गया है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच में जुटी हुई है।