अनंत सिंह के गढ़ मोकामा में घोड़ा पर चढ़कर छोटे सरकार को तेजस्वी की चुनौती, भूमिहारों के इलाके में बड़ा खेला
Bihar News : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बिहार अधिकार यात्रा के तहत बुधवार को मोकामा पहुंचे। बाहुबली नेता और मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह के गढ़ में तेजस्वी भूमिहारों के बीच बड़ी सियासी चाल चलने की तैयारी में ंदिखे। वे मोकामा में युवाओं से मिले और इस दौरान घोड़ा पर सवार होकर बड़ा सियासी संदेश दिया कि वे जमीन से जुड़े और किसानों -पशुपालकों के नेता हैं। बता दें कि बीते दिन ही मोकामा ने अंनत सिंह और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने ताकत दिखाई थी वहीं आज तेजस्वी अपनी पूरी ताकत झोंक दी.
अनंत सिंह को मात देने की रणनीति
तेजस्वी का मोकामा दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब उनके दल से विधानसभा का चुनाव जीते अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी अब राजद का साथ छोड़ चुके हैं. जनवरी 2024 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के महागठबंधन से पाला बदलकर एनडीए में आने पर विधानसभा में शक्ति परिक्षण में नीलम देवी ने राजद से बागी होकर नीतीश कुमार का साथ दिया था। ऐसे में तेजस्वी की कोशिश अब अनंत सिंह जिन्हें उनके समर्थक छोटे सरकार के रूप में जानते हैं, उन्हें उनके इलाके में मोकामा में परास्त करना है। इसी को लेकर तेजस्वी यादव बड़ी रणनीति के साथ मोकामा विधानसभा क्षेत्र में उम्मीदवार चयन के साथ ही जातीय समीकरण बिठाने में लगे हुए माने जा रहे हैं।
भूमिहार जाति का गढ़ मोकामा
मोकामा का चुनावी इतिहास गवाह रहा है कि यह भूमिहार जाति का गढ़ माना जाता है। अनंत सिंह भी भूमिहार जाति से आते हैं। ऐसे में अनंत सिंह को मात देने के लिए तेजस्वी इस बार अनंत सिंह के किसी दौर में खास रहे एमएलसी और पूर्व मंत्री कार्तिक मास्टर के सहारे राजद की जड़ों को मोकामा में मजबूत करने में लगे हैं। तेजस्वी के मोकामा दौरे को लेकर कार्तिक मास्टर पूरे जोर-शोर से तैयारियों को अंतिम रूप दिए हैं। कार्तिक मास्टर पर तेजस्वी का यह भरोसा भूमिहारों के बीच एक बड़ा संदेश देने की कोशिश भी है कि अनंत सिंह जैसे बाहुबली छवि के भूमिहार नेता की जगह कार्तिक मास्टर जैसे शिक्षित भूमिहार, जो पेशे के शिक्षक रहे हैं, उन पर भरोसा करे। साथ ही कार्तिक मास्टर को अनंत सिंह का पुराना सहयोगी माना जाता है ऐसे में चुनाव में अनंत के कमजोर कड़ियों को भी कार्तिक मास्टर भलीभांति जानते हैं। इसे चुनावी समर में भुनाने की कोशिश तेजस्वी यादव कर सकते हैं।
तेजस्वी किसे बनायेंगे उम्मीदवार
मोकामा में उम्मीदवार तय करने में तेजस्वी इस बार चौंकाने वाला निर्णय ले सकते हैं। महागठबंधन से मोकामा सीट पर पशुपति पारस की पार्टी रालोजपा के शीर्ष नेता सूरजभान सिंह का दावा माना जा रहा है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि राजद अंतिम समय में कोई हैरान करने वाला फैसला ले जिसमें सूरजभान की सहमति से किसी प्रभावशाली चेहरे को मोकामा में उतारा जा सकता है। इसमें सूरजभान के परिवार के किसी सदस्य के साथ ही अब तक भाजपा में रहे बाहुबली ललन सिंह को भी राजद परिवार का हिस्सा बनाया जा सकता है। वहीं कार्तिक मास्टर की भी उम्मीदवार चयन में बड़ी भूमिका हो सकती है।
अनंत की रक्षक!
अनंत सिंह फिलहाल आधिकारिक रुप से जदयू में शामिल नहीं हुए हैं लेकिन जदयू के प्रमुख चेहरा बने हुए हैं। यहां तक माना जा रहा है कि अंनत सिंह मोकामा से जदयू की टिकट पर चुनाव भी लड़ सकते हैं। इसी बीच ललन सिंह ने भी मोकामा में बड़ा बयान दे दिया उन्होंने कहा कि मोकामा के दो ही रक्षक हैं एक नीतीश कुमार दूसरे अनंत सिंह। ललन सिंह ने एनडीए के कार्यकर्ता सम्मेलन में अनंत सिंह के पक्ष में आवाज बुलंद की। अब अनंत सिंह को सीधी चुनौती देने के लिए तेजस्वी ने घोड़ा की सवारी कर एक खास संदेश दिया क्योंकि अनंत सिंह भी अक्सर अपने घोड़े के शौक के लिए जाने जाते हैं.